“सपा प्रमुख ने सरकार को घेरा, किसानों-बेरोजगारों का उठाया मुद्दा” दिल्ली CM पर हमले की निंदा, जनप्रतिनिधि की गरिमा रखनी होगी
फिरोजाबाद (टूंडला)/लखनऊ : सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने टूंडला पहुंचकर प्रदेश और केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। श्रद्धांजलि कार्यक्रम में शामिल हुए अखिलेश ने कहा कि वोट चोरी अब सरकार, चुनाव आयोग और जिला प्रशासन की मिलीभगत से हो रही है। उन्होंने कहा-“अब तो डीएम और चुनाव आयोग के बीच ही लड़ाई हो गई है। चुनाव आयोग कह रहा है कि उसे सूची नहीं मिली, जबकि डीएम बोल रहे हैं कि सूची भेज दी गई। इससे साफ है कि वोट चोरी का खेल चल रहा है।”
भाजपा किसान और युवा विरोधी

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार किसान विरोधी है। किसान आज भी वहीं खड़ा है, जबकि भाजपा ने वादा किया था कि किसानों की आय दोगुनी होगी। किसान अपनी फसलों की उचित कीमत के लिए भटक रहा है। खाद के लिए लंबी लाइनें लगी हुई हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बेरोजगारी चरम पर है। “हजारों युवा नौकरी के लिए भटक रहे हैं, सड़कों पर घूम रहे हैं, लेकिन उनकी कोई सुनवाई नहीं है।”
दिल्ली CM पर हमले की निंदा

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर हुए हमले को अखिलेश यादव ने बेहद दुखद बताया। उन्होंने कहा कि”मुख्यमंत्री कोई भी हो, जनप्रतिनिधियों के साथ इस तरह का व्यवहार नहीं होना चाहिए।”
अमेरिका और टैक्स विवाद पर टिप्पणी

अखिलेश यादव ने केंद्र सरकार पर कटाक्ष करते हुए कहा कि अमेरिका ने जो सबक केंद्र को सिखाया है। उससे सरकार अब जमीन पर आकर काम करने को मजबूर होगी। उन्होंने कहा कि अमेरिका द्वारा टैक्स लगाने के बाद मुरादाबाद, अलीगढ़ और फिरोजाबाद का कारोबार बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।
