सभी प्रदेश अध्यक्ष और नेशनल कोऑर्डिनेटर अब आकाश आनंद को करेंगे रिपोर्ट, बिहार चुनाव से पहले मिला बड़ा जिम्मा
लखनऊ : बहुजन समाज पार्टी (BSP) की अध्यक्ष मायावती ने बड़ा संगठनात्मक फेरबदल कर अपने भतीजे आकाश आनंद को पार्टी का राष्ट्रीय संयोजक नियुक्त कर दिया है। इस पद के साथ आकाश आनंद अब बसपा में मायावती के बाद दूसरे सबसे शक्तिशाली नेता बन गए हैं। पार्टी के इस फैसले के बाद अब सभी प्रदेश अध्यक्ष और नेशनल कोऑर्डिनेटर आकाश आनंद को रिपोर्ट करेंगे। सूत्रों के मुताबिक इस कदम से आकाश का दखल अब उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड की राजनीति में भी बढ़ेगा।
आकाश आनंद ने जताया आभार
जिम्मेदारी मिलने के बाद आकाश आनंद ने मायावती के इस फैसले पर आभार जताते हुए कहा कि वह पार्टी के विस्तार और बाबा साहेब अंबेडकर के मिशन को आगे ले जाने के लिए पूरी ताकत से काम करेंगे। मायावती ने यह फैसला आकाश की बिहार यात्रा से पहले लिया है। आकाश को बिहार में पार्टी का खाता खोलने की जिम्मेदारी दी गई है। वह 10 सितंबर को कैमूर जिले से दस दिवसीय चुनावी यात्रा की शुरुआत करेंगे और राज्य स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन को भी संबोधित करेंगे।
चार नहीं, अब होंगे छह नेशनल कोऑर्डिनेटर
बसपा ने संगठन में एक और बड़ा बदलाव किया है। पार्टी ने पहले जहां चार नेशनल कोऑर्डिनेटर बनाए थे। अब उनकी संख्या छह कर दी गई है। इनमें रामजी गौतम, राजाराम, रणधीर सिंह बेनीवाल, लालजी मेधांकर, अतर सिंह राव और धर्मवीर सिंह अशोक को शामिल किया गया है। 31 अगस्त को आकाश आनंद मुंबई में संगठन की बैठक की अध्यक्षता भी करेंगे। जिसमें वह कार्यकर्ताओं को पार्टी का जनाधार बढ़ाने के लिए दिशा-निर्देश देंगे।
