अमरोहा/लखनऊ : यूपी के अमरोहा में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। 30 वर्षीय हैंडलूम कारोबारी गुफरान ने प्रताड़ना और मारपीट से तंग आकर आत्महत्या कर ली। मौत से पहले गुफरान ने 1.05 मिनट का वीडियो बनाकर और डायरी में सुसाइड नोट लिखकर अपने भाभी समेत 8 लोगों को जिम्मेदार ठहराया।
जानें कैसे हुआ पूरा घटनाक्रम
24 अगस्त की शाम गुफरान को कोट चौकी पर बुलाया गया। यहां पर आरोपियों ने उनके साथ मारपीट और बदतमीजी की। इसके बाद उन्हें दुकान में बंधक बनाकर जान से मारने की धमकी दी गई। घर लौटने पर गुफरान ने पत्नी को बताया कि फजल और उसके साथियों ने उन्हें अपमानित किया है। इसके बाद वे कमरे में गए और फांसी लगाकर जान दे दी।
वीडियो और सुसाइड नोट से खुला राज़
पहले परिजनों को इस घटना की असली वजह का पता नहीं था और उन्होंने शव को सुपुर्द-ए-खाक कर दिया, लेकिन बाद में मोबाइल में मिले वीडियो और डायरी के पन्ने ने पूरी सच्चाई सामने ला दी। वीडियो में गुफरान ने कहा-“मैं मरना नहीं चाहता… अल्लाह मेरी बेटियों की हिफाजत करें… खुदा हाफिज।”
साथ ही आठ लोगों के नाम लेकर उन्हें अपनी मौत का जिम्मेदार ठहराया।
यह हैं नामजद आरोपी
फजल (मोहल्ला कोट), सोनू कबाब वाला (सराय कोहना), बबलू, मोहसिन, अयूब बावर्ची (चाहमुल्लान), तंजीम बेग (बटवाल), सलीम (तलवार शाह) और भाभी सना।
पुलिस ने यह की कार्रवाई
वीडियो और सुसाइड नोट वायरल होने के बाद परिजनों ने एसपी कार्यालय पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई। एसपी अमित कुमार आनंद ने नगर कोतवाली पुलिस को त्वरित कार्रवाई के आदेश दिए। सीओ सिटी शक्ति सिंह ने बताया कि आठों आरोपियों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
