जश्न बना मातम: पत्नी ने 8 दिन पहले बेटे को दिया था जन्म
सिद्धार्थनगर/लखनऊ : यूपी के सिद्धार्थनगर जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। मुंबई में कबाड़ बेचने वाले 25 वर्षीय जहीर उर्फ सोनू हाल ही में पिता बना था। पत्नी ने 8 दिन पहले बेटे को जन्म दिया था। बेटे के जन्म की खुशी बांटने वह अपनी बहन से मिलने आया था। लेकिन यहां उसका जश्न मातम में बदल गया। बताया जाता है कि मृतक जहीर उर्फ सोनू, सिद्धार्थनगर के कोड़रा ग्रांट गांव का रहने वाला था। चार दिन पहले वह बहन सुबीना के ससुराल नकथर गांव (शोहरतगढ़ थाना क्षेत्र) आया था। यहां उसकी दोस्ती पड़ोसी बंजारा (50 वर्ष) से हो गई। गांव के लोगों का कहना है कि शुक्रवार को दोनों ने बेटे के जन्म की खुशी में शराब पी। रात करीब 9 बजे जब वे घर लौट रहे थे, तो किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। झगड़ा बढ़ा तो फोटो बंजारा ने चाकू से सोनू के सीने और पेट में करीब 10 बार वार किए। यही नहीं, हमले के बाद उसने पास पड़ी ईंट से उसके सिर पर भी वार कर दिया।
आरोपी मौके से फरार
सोनू मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़ा और उसकी मौत हो गई। स्थानीय महिला जुलेखा ने पुलिस को बताया कि दोनों शराब के नशे में थे। अचानक फोटो बंजारा ने चाकू निकाला और सोनू पर ताबड़तोड़ वार करने लगा। सोनू चीखता रहा लेकिन उसने नहीं छोड़ा।
परिजनों का आरोप
परिजनों का कहना है कि फोटो बंजारा पहले से ही आपराधिक प्रवृत्ति का है। आए दिन शराब पीकर झगड़ा करता था। उन्होंने आरोप लगाया कि “फोटो बंजारा ने पहले से हत्या की साजिश रच रखी थी और चाकू लेकर आया था।”सूचना मिलते ही थाना प्रभारी बिन्देश्वरी मणि त्रिपाठी मौके पर पहुंचे। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया। आरोपी फोटो बंजारा को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस के मुताबिक शराब के नशे में हुए विवाद में यह हत्या हुई। पूछताछ जारी है।
