कैंसर और डायबिटीज भी बन रहे जानलेवा, रिपोर्ट में डराने वाले आंकड़े
नई दिल्ली/ लखनऊ : भारत में हार्ट अटैक से मौतों का आंकड़ा लगातार बढ़ता जा रहा है। आए दिन ऐसे वीडियो सामने आते हैं, जिनमें कोई जिम करता हुआ नौजवान, बुजुर्ग या यहां तक कि बच्चे भी अचानक हार्ट अटैक का शिकार हो जाते हैं। हाल ही में महाराष्ट्र के कोल्हापुर में 10 साल के बच्चे की हार्ट अटैक से मौत हुई। इससे हर कोई सदमे में है। सैंपल रजिस्ट्रेशन सर्वे (SRS) की रिपोर्ट बताती है कि भारत में होने वाली कुल मौतों में 31% मौतें हार्ट अटैक से होती हैं। यानी यह देश में मौत का सबसे बड़ा कारण है।
इन बीमारियों से हो रही हैं सबसे ज्यादा मौतें?
भारत में हार्ट अटैक (Cardiac diseases) से 31%, सांस की संक्रमण वाली बीमारियां (Respiratory infections) से 9.3%, ट्यूमर (Tumor diseases) से 6.4%,,पुरानी सांस संबंधी बीमारियां (Chronic respiratory diseases) से 5.7%, पाचन संबंधी बीमारियों से 5.3%, बुखार (Fever related diseases) से 4.9%, डायबिटीज मेलेटस से 3.5%, मूत्र-जननांग से जुड़ी बीमारियों से 3% मौत की बात सामने आई है।
हार्ट अटैक क्यों बढ़ रहे हैं?
मेडिकल एक्सपर्ट्स का कहना है कि हार्ट अटैक के मामले लाइफस्टाइल में बदलाव, गलत खानपान, तनाव और प्रदूषण की वजह से तेजी से बढ़ रहे हैं। कुछ रिपोर्ट्स में कोरोना वैक्सीन पर सवाल उठाए गए थे, लेकिन सरकारी एजेंसियों ने इसे नकार दिया है।
कैंसर के आंकड़े भी डराते हैं
2015 से 2019 के बीच 7.08 लाख कैंसर केस दर्ज हुए और इनमें से 2.06 लाख लोगों की मौत हुई। रिपोर्ट के मुताबिक, पूर्वोत्तर भारत (North-East India) से सबसे ज्यादा कैंसर केस सामने आए हैं।
