लखनऊ : राजधानी लखनऊ में मंगलवार को 69 हजार शिक्षक भर्ती के अभ्यर्थियों ने डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के आवास का घेराव किया। इस दौरान अभ्यर्थियों ने जोरदार नारेबाजी की,उन्होंने”केशव चाचा न्याय करो…”के नारे लगाए। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि भर्ती प्रक्रिया में अनियमितताएं हुईं। जिससे आरक्षित वर्ग के हजारों अभ्यर्थी नौकरी से वंचित रह गए।
फैसले का पालन न करने का आरोप
हाईकोर्ट में लंबी सुनवाई के बाद फैसला अभ्यर्थियों के पक्ष में आया था। आरोप है कि सरकार ने फैसले का पालन नहीं किया। मामला अब सुप्रीम कोर्ट में लंबित है। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि सरकार सुप्रीम कोर्ट में भी पक्ष मजबूती से नहीं रख रही।
सुरक्षा के लिहाज से भारी पुलिस तैनात
इस प्रदर्शन के दौरान भारी पुलिस बल तैनात रहा। अभ्यर्थी डिप्टी सीएम आवास के सामने धरने पर बैठे। उन्होंने बताया कि सरकार की चुप्पी से नाराज़गी और आक्रोश बढ़ रहा है। अभ्यर्थियों का कहना है कि सरकार को तुरंत हाईकोर्ट के फैसले को लागू करना चाहिए और भर्ती प्रक्रिया में न्यायसंगत कदम उठाने चाहिए।
