सरकार का बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, बरेली, गोरखपुर, बस्ती और प्रयागराज मंडलों में नए मंडलायुक्त नियुक्त
लखनऊ: उत्तर प्रदेश सरकार ने मंगलवार को बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 13 वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों का तबादला कर दिया। शासन की ओर से जारी आदेश के अनुसार कई मंडलों के मंडलायुक्त, विभागीय सचिव, निगमों के प्रबंध निदेशक और विकास प्राधिकरणों के अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
तबादलों के तहत शुभम कुमार को बरेली मंडल का नया मंडलायुक्त नियुक्त किया गया है। वहीं इंद्र विक्रम सिंह को गोरखपुर, वैभव श्रीवास्तव को बस्ती और डॉ. लोकेश एम. को प्रयागराज मंडल का मंडलायुक्त बनाया गया है।

अनिल ढींगरा को उत्तर प्रदेश आवास एवं विकास परिषद का आवास आयुक्त बनाया गया है। साथ ही उन्हें निदेशक नगर भूमि सीमारोपण तथा सचिव आवास एवं शहरी नियोजन विभाग का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है। प्रकाश बिंदु को पीसीडीएफ का प्रबंध निदेशक, सौम्या अग्रवाल को श्रमायुक्त, संदीप कुमार को पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड का प्रबंध निदेशक तथा डॉ. बलकार सिंह को उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण का मुख्य कार्यपालक अधिकारी नियुक्त किया गया है।
भूपेंद्र एस. चौधरी को प्रशासनिक सुधार विभाग का सचिव, पुष्प राज सिंह को नोएडा का अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी तथा सतीश पाल को गृह विभाग में विशेष सचिव बनाया गया है। वहीं रविन्द्र को उनके वर्तमान दायित्वों के साथ राज्य कृषि उत्पादन मंडी परिषद के निदेशक का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है। यह फेरबदल प्रशासनिक कार्यों में गति और बेहतर समन्वय के उद्देश्य से किया गया है।