लखनऊ : उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे को लेकर खींचतान के संकेत मिलने लगे हैं। लोकसभा चुनाव में साथ मिलकर चुनाव लड़ने वाले दोनों दलों के बीच अब विधानसभा सीटों को लेकर बातचीत होनी है। कांग्रेस जहां यूपी की 403 विधानसभा सीटों में से 181 सीटों पर अपना दावा जता रही है, वहीं समाजवादी पार्टी की ओर से करीब 70 सीटों का प्रस्ताव दिए जाने की चर्चा है। दोनों दलों की मांग और प्रस्ताव के बीच 111 सीटों का अंतर गठबंधन की राह में बड़ी चुनौती बन सकता है।
17 नवंबर की बैठक में कांग्रेस के सामने रखा जा सकता है 2022 का रिपोर्ट कार्ड
17 नवंबर 2026 को लखनऊ में होने वाली अहम बैठक पर दोनों दलों की नजरें टिकी हैं। चर्चा है कि समाजवादी पार्टी सीट बंटवारे की बातचीत में कांग्रेस के सामने 2022 विधानसभा चुनाव का रिपोर्ट कार्ड रख सकती है। उस चुनाव में कांग्रेस ने अकेले मैदान में उतरते हुए 403 में से 399 सीटों पर उम्मीदवार उतारे थे। पार्टी को सिर्फ दो सीटों पर जीत मिली थी, जबकि चार सीटों पर उसके उम्मीदवार दूसरे स्थान पर रहे थे। 387 सीटों पर कांग्रेस की जमानत जब्त हो गई थी। कांग्रेस को चुनाव में करीब 21.50 लाख वोट मिले थे। वहीं, 46 सीटें ऐसी थीं, जहां पार्टी मुश्किल से 10 हजार वोट का आंकड़ा पार कर सकी थी। माना जा रहा है कि समाजवादी पार्टी इसी चुनावी प्रदर्शन को आधार बनाकर कांग्रेस के सीटों के दावे पर सवाल उठा सकती है।
कांग्रेस 181 सीटों पर अड़ी, अखिलेश के बयान से खुला मांग का आंकड़ा
कांग्रेस की 181 सीटों की मांग का खुलासा खुद सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने 14 नवंबर को एक कार्यक्रम में किया था। उनसे जब पूछा गया कि क्या कांग्रेस 100 सीटें मांग रही है, तो उन्होंने कहा कि मांग इससे ज्यादा है। 200 सीटों के सवाल पर उन्होंने इसे थोड़ा कम बताया। इसके बाद 180 सीटों के बारे में पूछे जाने पर अखिलेश ने कहा, ‘180 में एक जोड़ दीजिए।’ कांग्रेस के यूपी प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम और प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा ने भी 14 नवंबर को लखनऊ में कहा था कि सीटों का अंतिम आंकड़ा दोनों दलों की बातचीत के बाद ही तय होगा। कांग्रेस का तर्क है कि हर उस सीट पर चर्चा होनी चाहिए, जहां दोनों दल चुनाव लड़ना चाहते हैं। दूसरी ओर, समाजवादी पार्टी 100 से कम सीटें देने के पक्ष में बताई जा रही है। राजनीतिक चर्चाओं में 50 से 80 सीटों के बीच प्रस्ताव की बात सामने आ रही है। करीब 70 सीटों का आंकड़ा भी इसी चर्चा का हिस्सा है, हालांकि सपा की ओर से ऐसा कोई औपचारिक प्रस्ताव सार्वजनिक नहीं किया गया है।
सपा की कसौटी पर जीत की संभावना, 17 नवंबर की बैठक पर टिकी निगाहें
समाजवादी पार्टी की रणनीति बताई जा रही है कि गठबंधन में सीटों का बंटवारा केवल राजनीतिक मांग या बराबरी के आधार पर नहीं होगा। जिस सीट पर जिस दल के उम्मीदवार की जीत की संभावना अधिक होगी, उसे वहां चुनाव लड़ने का मौका मिलना चाहिए। अखिलेश यादव भी संकेत दे चुके हैं कि गठबंधन में सीटों से ज्यादा जीत महत्वपूर्ण है। कांग्रेस का दावा है कि 2022 के चुनाव के बाद उसने उत्तर प्रदेश में अपना संगठन मजबूत किया है। ऐसे में पार्टी ज्यादा सीटों पर चुनाव लड़ने की इच्छुक है। वहीं सपा पुराने चुनावी प्रदर्शन और जीत की संभावना को सीट बंटवारे की कसौटी बना सकती है। अब 17 नवंबर को लखनऊ में होने वाली बैठक में दोनों दलों के नेता आमने-सामने बैठकर सीटों के गणित पर चर्चा करेंगे। इस बातचीत से तय होगा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस और समाजवादी पार्टी कितनी-कितनी सीटों पर चुनाव लड़ेंगी। फिलहाल 181 और 70 सीटों के बीच फंसा यह गणित गठबंधन की एकजुटता के लिए बड़ी परीक्षा बनता नजर आ रहा है।
