कन्नौज : उत्तर प्रदेश सरकार में समाज कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने अपनी ही सरकार की पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कड़ी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने पुलिसकर्मियों को चेतावनी देते हुए कहा कि फर्जी खुलासे करने और लक्ष्य पूरा करने के लिए बेकसूर लोगों को आरोपी बनाना बंद करें। मंत्री ने साफ कहा कि वह खुद पुलिस सिस्टम से निकले हैं और उन्हें पुलिस की कार्यप्रणाली अच्छी तरह समझ में आती है। इसलिए कोई उन्हें सिस्टम समझाने की कोशिश न करे। मंत्री ने कहा कि पुलिस भले ही किसी बेकसूर को पकड़कर आरोपी बना दे और अदालत से उसे सजा भी दिलवा दे, लेकिन ऊपर वाले की अदालत में मिलने वाली सजा से नहीं बच पाएगी। उनके इस बयान के बाद पुलिस विभाग की कार्यशैली को लेकर नई चर्चा शुरू हो गई है।
तमंचा, गांजा और शराब पकड़ने के लक्ष्य पर उठाए सवाल
रविवार को कन्नौज में भाजपा की ओर से आयोजित जनजाति गौरव दिवस एवं घुमंतू गौरव समागम में मंत्री असीम अरुण संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के साथ जिले के तीनों भाजपा विधायक, पूर्व सांसद और पार्टी के कई नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभा के दौरान मंत्री ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताते हुए कहा कि ऊपर से तमंचा पकड़ने, गांजा और शराब के खिलाफ अभियान चलाने के आदेश आते हैं। लेकिन जब दरोगा किसी आरोपी को नहीं पकड़ पाते तो लक्ष्य पूरा करने के लिए बेकसूर लोगों को पकड़ लेते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसा करना बिल्कुल गलत है। पुलिस को अपनी कार्रवाई में निर्दोष लोगों को फंसाने से बचना चाहिए।
‘ऊपर वाले की अदालत में सजा से नहीं बच पाओगे’
असीम अरुण ने पुलिसकर्मियों को चेतावनी भरे अंदाज में कहा कि वह खुद पुलिस में रह चुके हैं और इस सिस्टम को अच्छी तरह जानते हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस भले ही कानपुर, उन्नाव या अन्य जगहों की अदालतों में किसी बेकसूर को सजा दिलवा दे, लेकिन जब ऊपर वाले की अदालत में सजा मिलेगी तो कोई बचा नहीं पाएगा।
घुमंतू समाज के मामलों से जोड़कर देखा जा रहा बयान
मंत्री के इस बयान को घुमंतू समाज के लोगों के खिलाफ कथित पुलिस कार्रवाई से जोड़कर देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि समाज के कुछ मामलों की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने सार्वजनिक मंच से पुलिस को नसीहत दी। खास बात यह रही कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी की मौजूदगी में मंत्री ने पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाए। सत्ता पक्ष के मंत्री की ओर से पुलिस की कार्रवाई पर सार्वजनिक रूप से इस तरह नाराजगी जताने के बाद उनका बयान पुलिस विभाग में चर्चा का विषय बन गया है। मंत्री ने अपने संबोधन के जरिए स्पष्ट संदेश दिया कि अपराध नियंत्रण के नाम पर किसी भी निर्दोष व्यक्ति को फंसाना बर्दाश्त नहीं किया जाना चाहिए।
