अयोध्या: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को अयोध्या पहुंचे और राम जन्मभूमि मंदिर के ध्वजारोहण समारोह की तैयारियों की समीक्षा की। इस समारोह में कल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शामिल होंगे और मंदिर के शिखर पर भगवा ध्वज फहराएंगे।
सीएम योगी ने इस अवसर पर हनुमान गढ़ी मंदिर में दर्शन और पूजा-अर्चना भी की। वहीं, प्रशासन ने समारोह के लिए सुरक्षा और व्यवस्थाओं को पूरी तरह चाक-चौबंद कर दिया है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी हर गतिविधि पर लगातार निगरानी रख रहे हैं।
प्रधानमंत्री मोदी 25 नवंबर को एयरपोर्ट से हेलीकॉप्टर द्वारा साकेत महाविद्यालय पहुंचेंगे। इसके बाद साकेत महाविद्यालय से राम जन्मभूमि मंदिर तक भव्य रोड शो आयोजित किया जाएगा। रोड शो के एक किमी लंबे मार्ग रामपथ को आठ जोनों में विभाजित किया गया है। प्रत्येक जोन में स्वयं सहायता समूह की महिलाएं पारंपरिक थाली, आरती, फूल-माला और नमस्कार मुद्रा के साथ पीएम का स्वागत करेंगी। जिला प्रशासन ने इसके लिए अलग-अलग समाज और समूहों की महिलाओं को जिम्मेदारी सौंपी है।
सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने एडीजी जोन सुजीत पांडेय ने पुलिस लाइन में सभी पुलिसकर्मियों को कार्य-व्यवहार और कर्तव्यों का बोध कराया। उन्होंने सभी से निर्देशित किया कि अपनी तैनाती स्थल पर मुस्तैदी से डटे रहें, आगंतुकों के साथ उत्तम व्यवहार करें और अराजकतत्वों पर विशेष नजर रखें। इस दौरान राम मंदिर परिसर, साकेत महाविद्यालय और अन्य कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण किया गया। मौके पर आईजी प्रवीण कुमार, एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर और एसपी सिटी चक्रपाणि त्रिपाठी भी मौजूद थे।
