लखनऊ: राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने सोमवार को लखनऊ के वृंदावन स्थित डिफेंस एक्सपो ग्राउंड में झंडारोहण कर 19वें राष्ट्रीय जंबूरी का शुभारंभ किया। इस मौके पर मैदान में उपस्थित युवाओं ने ‘जय जंबूरी’ के नारों से उनका स्वागत किया। 19वें जंबूरी में देश-विदेश से आए स्काउट्स और गाइड्स आपसी भाईचारे, अनुशासन, स्थानीय संस्कृति और सभ्यता के विविध आयामों से परिचित होंगे। 25 नवंबर को होने वाले सांस्कृतिक एवं अन्य कार्यक्रमों में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी शामिल होंगे।
उद्घाटन समारोह में राष्ट्रीय मुख्यायुक्त डॉ. केके खंडेलवाल ने कहा कि यह समय गर्व और भावनाओं से भरा है। इस आयोजन ने सेवा, अनुशासन और नवाचार का मॉडल प्रस्तुत किया है। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार जताया, जिन्होंने हर बेहतर व्यवस्था के लिए सहयोग और मार्गदर्शन दिया। समारोह में ड्रोन शो के माध्यम से शांति और एकता की कहानी भी प्रदर्शित की जाएगी।
इसके पहले, स्काउट गाइड के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनिल कुमार जैन और राज्य अध्यक्ष महेंद्र सिंह ने राज्यपाल का स्वागत किया। महापौर सुषमा खर्कवाल, विधान परिषद सदस्य लालजी निर्मल व रामचंद्र और प्रादेशिक मुख्य आयुक्त प्रभात कुमार भी उपस्थित रहे। अनिल कुमार जैन ने कहा कि जंबूरी युवा शक्ति, वैश्विक एकता और शांति का संदेश देता है। यह सिर्फ शिविर नहीं, बल्कि अनुभव और चरित्र निर्माण का माध्यम है। युवाओं को अवसर मिलने पर वे समाज और राष्ट्र के लिए चमत्कार कर सकते हैं।
राष्ट्रीय जंबूरी के प्रमुख कार्यक्रम:
24 नवंबर: राज्यपाल द्वारा उद्घाटन, शाम में सांस्कृतिक कार्यक्रम और ड्रोन शो। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य उपस्थित।
25 नवंबर: इंटीग्रेशन मार्च, फ्लैग मार्च, एडवेंचर गेम्स, विलेज उद्घाटन, यूपी नाइट और ड्रोन शो। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय राज्यमंत्री जयंत चौधरी और बेसिक शिक्षा राज्य मंत्री संदीप सिंह उपस्थित।
26 नवंबर: पीजेंट शो-माध्यमिक शिक्षा राज्य मंत्री गुलाब देवी।
27 नवंबर: इंटरनेशनल नाइट एवं एथनिक फैशन शो। मंत्री सुरेश खन्ना और केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान।
28 नवंबर: समापन समारोह, राष्ट्रपति के शामिल होने के साथ।
