लखनऊ : देश की सबसे बड़ी बोर्ड परीक्षा मानी जाने वाली उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की 10वीं और 12वीं की परीक्षाएं आज से पूरे प्रदेश में शुरू हो गई हैं। राजधानी में परीक्षा के पहले दिन का नजारा खास रहा। माध्यमिक शिक्षा मंत्री गुलाब देवी ने परीक्षा केंद्र पर पहुंचकर छात्राओं का गर्मजोशी से स्वागत किया। उन्होंने बच्चियों को तिलक लगाया, गुलाब का फूल दिया और मिठाई खिलाकर परीक्षा के लिए शुभकामनाएं दीं। मंत्री ने छात्रों से तनावमुक्त होकर आत्मविश्वास के साथ परीक्षा देने की अपील की।
वाराणसी में पुष्पवर्षा, शिक्षकों से लिया आशीर्वाद
वाराणसी के हरिश्चंद्र बालिका इंटर कॉलेज में भी परीक्षा का माहौल भावनात्मक और प्रेरणादायक दिखा। यहां शिक्षकों ने छात्राओं पर पुष्पवर्षा कर उनका उत्साह बढ़ाया। परीक्षा से पहले कई छात्राओं ने अपने शिक्षकों के पैर छूकर आशीर्वाद लिया। शिक्षकों ने भी उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा और अनुशासन का विशेष ध्यान रखा गया।
हिंदी का पेपर आज, CCTV और रंगीन कॉपियों से नकल पर सख्ती
पहले दिन हिंदी विषय की परीक्षा आयोजित की गई। पहली पाली की परीक्षा सुबह 8:30 बजे से 11:45 बजे तक चली, जबकि दूसरी पाली दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:15 बजे तक आयोजित होगी। नकल रोकने के लिए इस बार कड़े इंतजाम किए गए हैं। सभी परीक्षा केंद्रों पर CCTV कैमरों से निगरानी की जा रही है।
इसके साथ ही उत्तर पुस्तिकाओं को रंगीन किया गया है। हाईस्कूल की कॉपी पिंक रंग की है, जबकि इंटरमीडिएट की कॉपी भूरे रंग की रखी गई है, ताकि किसी भी तरह की गड़बड़ी को रोका जा सके।
लखीमपुर में हंगामा, 53 लाख से ज्यादा छात्र दे रहे परीक्षा
लखीमपुर खीरी के एक इंटर कॉलेज में फीस जमा न होने के कारण कुछ छात्रों को प्रवेश पत्र नहीं दिए गए, जिससे नाराज छात्रों ने हंगामा कर दिया। हालांकि बाद में प्रशासनिक हस्तक्षेप के बाद छात्रों को प्रवेश पत्र दे दिए गए और वे परीक्षा में शामिल हो सके।
इस वर्ष प्रदेशभर में 8 हजार से अधिक परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। कुल 53,37,778 परीक्षार्थी परीक्षा दे रहे हैं, जिनमें करीब 27 लाख हाईस्कूल और 25 लाख इंटरमीडिएट के छात्र शामिल हैं। पिछले वर्ष की तुलना में इस बार करीब 2 लाख परीक्षार्थियों की संख्या कम हुई है। माध्यमिक शिक्षा परिषद के सचिव भगवती सिंह ने बताया कि पहली पाली की परीक्षा सकुशल और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई है। दूसरी पाली की परीक्षा निर्धारित समय पर शुरू होकर 7,998 परीक्षा केंद्रों पर कराई जाएगी।
