हापुड़/लखनऊ : स्वतंत्रता दिवस 2025 से पहले हापुड़ निवासी अभिषेक गौतम ने देशभक्ति की एक अनोखी मिसाल पेश की है। उन्होंने अपने शरीर पर कारगिल युद्ध में शहीद हुए 559 वीर जवानों के नाम और 11 महान स्वतंत्रता सेनानियों एवं ऐतिहासिक महापुरुषों की तस्वीरें गुदवाई हैं। इस अद्वितीय कार्य के लिए अभिषेक का नाम इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में दर्ज कर लिया गया है। अभिषेक के शरीर पर भगत सिंह, महात्मा गांधी, रानी लक्ष्मीबाई, छत्रपति शिवाजी महाराज, सुभाष चंद्र बोस, चंद्रशेखर आजाद, गुरु गोविंद सिंह, चाणक्य सहित कई महापुरुषों की छवियां भी बनी हुई हैं। इसके अलावा उन्होंने इंडिया गेट और शहीद स्मारक की कलाकृतियां भी अपने शरीर पर गुदवाई हैं।
कारगिल युद्ध के शहीद भगवान के समान
अभिषेक गौतम का कहना है कि कारगिल युद्ध के शहीद उनके लिए भगवान के समान हैं,”जिन्होंने मातृभूमि की रक्षा के लिए प्राण दिए, वही आज के राम और कृष्ण हैं।”उन्होंने सभी देशवासियों से 15 अगस्त को शहीदों के नाम एक दीप जलाने और सालभर देशभक्ति की भावना बनाए रखने की अपील की।
वीरों की कहानियां पीढ़ियों को करेंगी प्रेरित
अभिषेक ने बताया कि कारगिल युद्ध की पावन भूमि पर जाने के बाद ही उन्होंने निर्णय लिया कि वह शहीद जवानों की याद को अपने जीवन में स्थायी रूप से अंकित करेंगे। उनके अनुसार, इन वीरों की कहानियां आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेंगी।
