नई दिल्ली। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की एक बार फिर तारीफ की। उन्होंने पीएम मोदी को ‘बहुत सख्त इंसान’ बताया। इसके साथ ही ट्रंप ने जापान की प्रधानमंत्री सनाए ताकाइची का जिक्र करते हुए कहा कि वह उनसे भी ज्यादा सख्त हो सकती हैं। ट्रंप ने यह टिप्पणी क्वाड देशों के नेताओं के साथ बैठक के दौरान मीडिया से बातचीत में की।
मोदी और ताकाइची को लेकर क्या बोले ट्रंप?
ट्रंप ने कहा कि अमेरिका के इन नेताओं और उनके देशों के साथ अच्छे संबंध हैं। वे तीनों नेताओं को लंबे समय से जानते हैं और उन्हें शानदार लोग व अपना दोस्त मानते हैं। उन्होंने कहा कि पिछले साल क्वाड को फिर से सक्रिय करने और आपसी सहयोग बढ़ाने की दिशा में लगातार काम हुआ है। आपसी दोस्ती भी पहले से ज्यादा गहरी हुई है। ट्रंप के मुताबिक, जब देशों के नेता एक-दूसरे के दोस्त होते हैं तो साथ मिलकर काम करना आसान हो जाता है।
हिंद-प्रशांत क्षेत्र के चार मजबूत स्तंभ हैं क्वाड देश
अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि क्वाड के सदस्य देश दुनिया के सबसे अहम साझेदारों में शामिल हैं। उन्होंने इन देशों को स्वतंत्र, खुले, स्थिर और समृद्ध हिंद-प्रशांत क्षेत्र के चार मजबूत स्तंभ बताया। ट्रंप ने कहा कि सदस्य देशों के बीच अच्छे संबंध हैं और क्षेत्रीय सुरक्षा के साथ आर्थिक कूटनीति से जुड़े मुद्दों पर मिलकर काम किया जा रहा है।
भारत-अमेरिका व्यापार समझौते पर भी नजर
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस समय क्वाड के अन्य नेताओं के साथ ट्रंप से मुलाकात कर रहे हैं। हालांकि, दोनों नेताओं के बीच अलग से द्विपक्षीय बैठक होने की संभावना कम बताई जा रही है। जून के बाद यह दोनों नेताओं की पहली मुलाकात है। इससे पहले पेरिस में जी-7 शिखर सम्मेलन के दौरान दोनों की मुलाकात हुई थी, जहां उन्होंने कुछ देर बातचीत की थी। यह मुलाकात ऐसे समय हो रही है, जब भारत और अमेरिका के बीच व्यापार समझौते को लेकर लंबे समय से बातचीत जारी है। हालांकि, मनीला में होने वाली इस मुलाकात से व्यापार समझौते पर किसी नई जानकारी के सामने आने की उम्मीद कम है। ऐसे में विश्लेषकों की नजर दोनों नेताओं की बातचीत और उनके हाव-भाव पर भी रहेगी।
