बरेली : यूपी के बरेली में सोमवार को मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों के चलते हवाई यातायात प्रभावित हो गया। नवी मुंबई से 171 यात्रियों को लेकर बरेली पहुंची फ्लाइट तेज और अस्थिर हवाओं के कारण एयरपोर्ट पर लैंड नहीं कर सकी। पायलट ने विमान को रनवे पर उतारने के लिए दो बार कोशिश की, लेकिन हवा की विपरीत दिशा और तेज गति के चलते दोनों प्रयास सफल नहीं हुए। यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) ने विमान को दिल्ली डायवर्ट कर दिया। इस घटनाक्रम के कारण बरेली आने वाले 171 और यहां से नवी मुंबई जाने वाले 140 यात्रियों समेत कुल 311 यात्रियों की यात्रा प्रभावित हुई। जानकारी के मुताबिक, नवी मुंबई से बरेली आने वाली फ्लाइट का निर्धारित समय दोपहर 3:35 बजे है।सोमवार को विमान तय समय पर बरेली हवाई अड्डे के आसपास पहुंच गया था, लेकिन रनवे पर तेज हवाओं के कारण लैंडिंग में परेशानी आने लगी। पायलट ने सुरक्षित लैंडिंग के लिए दो बार प्रयास किया, मगर प्रतिकूल मौसम के चलते विमान को उतारना संभव नहीं हो सका। स्थिति को देखते हुए एटीसी ने विमान को दिल्ली भेजने का निर्णय लिया। इसके बाद विमान दिल्ली एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतारा गया।
दिल्ली से दोबारा भरी उड़ान, शाम 6:47 बजे बरेली में लैंडिंग
दिल्ली डायवर्ट होने के बाद मौसम और परिस्थितियों को देखते हुए विमान ने दोबारा बरेली के लिए उड़ान भरी। आखिरकार शाम 6:47 बजे विमान बरेली हवाई अड्डे पर सुरक्षित उतर गया। इस दौरान विमान में सवार 171 यात्रियों को अतिरिक्त समय तक इंतजार और यात्रा करनी पड़ी। वहीं, फ्लाइट को निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार शाम 6:05 बजे बरेली से नवी मुंबई के लिए रवाना होना था, लेकिन दिल्ली डायवर्जन और देरी के कारण इसका समय भी प्रभावित हुआ। बाद में शाम 7:15 बजे विमान 140 यात्रियों को लेकर नवी मुंबई के लिए रवाना हुआ। इस तरह आने और जाने वाले कुल 311 यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
क्या होता है क्रॉसविंड, जिससे मुश्किल हो जाती है विमान की लैंडिंग?
बरेली हवाई अड्डे के निदेशक अवधेश अग्रवाल ने मीडिया को बताया कि विमान की लैंडिंग के दौरान हवा की दिशा और उसकी गति बेहद महत्वपूर्ण होती है, जब हवा रनवे की दिशा में सामने या पीछे से आने के बजाय दाएं या बाएं तरफ से तेज गति से चलती है, तो उसे विमानन की भाषा में क्रॉसविंड कहा जाता है। ऐसी स्थिति में हवा विमान को रनवे की निर्धारित दिशा से हटाने का दबाव बनाती है। लैंडिंग के समय विमान की गति अपेक्षाकृत कम होती है। ऐसे में तेज और अस्थिर क्रॉसविंड के कारण विमान को संतुलित रखना और रनवे की सेंटरलाइन पर सीधा उतारना पायलट के लिए चुनौतीपूर्ण हो जाता है। सोमवार को बरेली हवाई अड्डे के आसपास भी हवाओं की ऐसी ही स्थिति बनी हुई थी। इसी वजह से पायलट को दो बार लैंडिंग का प्रयास करने के बावजूद सफलता नहीं मिली।
यात्रियों की सुरक्षा को दी गई प्राथमिकता
विमान को दिल्ली डायवर्ट करने का फैसला यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखकर लिया गया।प्रतिकूल मौसम में जब सुरक्षित लैंडिंग की परिस्थितियां अनुकूल नहीं थीं, तब जोखिम लेने के बजाय विमान को दूसरे हवाई अड्डे पर उतारना उचित समझा गया। बाद में परिस्थितियां अनुकूल होने पर विमान ने दोबारा बरेली के लिए उड़ान भरी और शाम को सुरक्षित लैंडिंग की।इस घटनाक्रम ने एक बार फिर स्पष्ट कर दिया कि विमानन सेवाओं में मौसम की परिस्थितियां कितनी महत्वपूर्ण होती हैं। तेज हवाओं के बीच विमान की सुरक्षित लैंडिंग सुनिश्चित करने के लिए पायलट और एटीसी को तत्काल निर्णय लेने पड़ते हैं। हालांकि, इस पूरे घटनाक्रम में राहत की बात यह रही कि विमान में सवार सभी यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए फ्लाइट को अंततः सुरक्षित बरेली पहुंचाया गया।
