मैनपुरी : उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले से एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है, जहां एक बाइक सवार तीन लोगों की मौत ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। कन्नौज के रहने वाले चाचा-भतीजे समेत तीन लोग शादी समारोह से लौट रहे थे, तभी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरे ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया। इस घटना के बाद इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है।
यह हादसा मैनपुरी के थाना किशनी क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग बेवर-इटावा पर गुरुवार देर रात हुआ। जानकारी के मुताबिक, कन्नौज के छिबरामऊ निवासी 34 वर्षीय मोहम्मद वसीम अपने 50 वर्षीय चाचा सत्तार और 35 वर्षीय साथी आफताब उर्फ छोटे के साथ गांव जटपुरा में एक निकाह समारोह में शामिल होने आए थे। दावत के बाद तीनों रात करीब 10 बजे बाइक से वापस अपने घर लौट रहे थे।
जटपुरा से करीब दो किलोमीटर दूर, पॉलिटेक्निक कॉलेज के सामने उनकी बाइक को किसी अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वसीम और सत्तार की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं आफताब गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर तड़पता रहा।
हादसे की सबसे दर्दनाक तस्वीर यह रही कि सुनसान इलाके में काफी देर तक किसी को इस दुर्घटना की जानकारी नहीं हो सकी। घायल आफताब मदद के लिए चीखता रहा, लेकिन उसकी आवाज सुनने वाला कोई नहीं था। इसी दौरान सड़क पर पड़े घायलों और शवों को कई वाहन रौंदते हुए निकलते रहे।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, एक वाहन घायल आफताब के ऊपर से गुजर गया, जिससे उसकी मौके पर ही हालत और बिगड़ गई। मौके पर पहुंचे लोगों ने टॉर्च दिखाकर वाहनों को रोकने की कोशिश भी की, लेकिन तेज रफ्तार गाड़ियां नहीं रुकीं। हादसे के बाद का मंजर इतना भयावह था कि शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो चुके थे।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर मोर्चरी भिजवाया। गंभीर रूप से घायल आफताब को तुरंत पीजीआई सैफई भेजा गया, लेकिन अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बाद में ड्राइविंग लाइसेंस के आधार पर मृतकों की पहचान की गई और उनके परिजनों को सूचना दी गई।
मृतक वसीम के भाई नदीम ने बताया कि वे लोग साथ ही निकले थे, लेकिन वसीम ने उन्हें आगे जाने के लिए कहा। जब वह घर पहुंचे और वसीम नहीं आया, तो फोन मिलाने पर पुलिस ने हादसे की जानकारी दी। इस खबर के बाद परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शुक्रवार को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिए। वहीं, इस घटना का संज्ञान लेते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। पुलिस अब टक्कर मारने वाले वाहन और उसके चालक की तलाश में जुटी हुई है।
बताया जा रहा है कि मृतक वसीम छिबरामऊ में रेडीमेड कपड़ों और अन्य सामान की दुकान चलाता था। चाचा सत्तार सब्जी बेचकर परिवार का पालन-पोषण करते थे, जबकि आफताब उर्फ छोटे रेहड़ी लगाकर बिरयानी बेचता था। तीनों ही अपने-अपने परिवार के कमाने वाले सदस्य थे। इस हादसे के बाद तीनों परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वसीम की छह महीने की एक मासूम बेटी है, सत्तार की बेटियां हैं, जबकि आफताब के दो बेटे और एक बेटी है। एक ही हादसे में तीन घरों के चिराग बुझ गए, जिससे पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।
