डिजिटल से ग्रीन तक… इज्जतनगर मंडल ने हर मोर्चे पर बनाया रिकॉर्ड, देशभर में 9वीं रैंक, कमाई से लेकर सुविधाओं तक शानदार प्रदर्शन
बरेली : पूर्वोत्तर रेलवे (एनईआर) के इज्जतनगर मंडल ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में शानदार प्रदर्शन करते हुए देशभर में अपनी अलग पहचान बना ली है। मंडल रेल प्रबंधक वीणा सिन्हा के नेतृत्व में इज्जतनगर डिवीजन ने न सिर्फ अखिल भारतीय रैंकिंग में 9वां स्थान हासिल किया, बल्कि राजस्व, यात्री सुविधाओं, डिजिटल सेवाओं और सुरक्षा के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय उपलब्धियां दर्ज की हैं। शुक्रवार को अपर मंडल रेल प्रबंधक मनोज कुमार ने प्रेस वार्ता में बताया कि यह रैंकिंग 2019 के बाद मंडल का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है।
पर्यावरण संरक्षण में भी नंबर-1, मिला ग्लोबल अवार्ड
इज्जतनगर रेल मंडल को जल संरक्षण, अपशिष्ट जल पुनर्चक्रण और कार्बन उत्सर्जन कम करने के प्रयासों के लिए “वाटर ट्रांसवर्सैलिटी ग्लोबल अवार्ड्स 2026” से सम्मानित किया गया। यह पुरस्कार नई दिल्ली के इंडिया हैबिटेट सेंटर में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला द्वारा प्रदान किया गया।
कमाई में जबरदस्त उछाल, 560 करोड़ से ज्यादा राजस्व
मंडल ने इस साल कुल 560.19 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित किया, जो पिछले वर्ष से 3.81% अधिक है। 69 मिलियन यात्रियों ने सफर किया है। यात्री आय में 365.46 करोड़ रुपये, माल ढुलाई में 161.66 करोड़ रुपये, टिकट चेकिंग से 20.03 करोड़ रुपये की वसूली की गई है। ये आंकड़े मंडल की मजबूत आर्थिक स्थिति को दर्शाते हैं।
डिजिटल रेलवे की ओर बड़ा कदम
यात्रियों की सुविधा के लिए सभी स्टेशनों पर QR कोड आधारित UPI भुगतान शुरू किया गया है। UTS ऑन मोबाइल’ सेवा से 31.3 लाख यात्रियों ने टिकट लिया। जिससे 4.15 करोड़ रुपये की आय हुई।इसके अलावा RCT केस फाइलों में QR कोड जोड़कर डिजिटल साक्ष्य प्रणाली लागू की गई है।
स्पीड और सुरक्षा में सुधार
रेलवे ट्रैक की गुणवत्ता बढ़ाते हुए 22.86 किमी ट्रैक पर 110 किमी/घंटा की स्पीड शुरू की गई। पशुओं से टकराव रोकने के लिए 75 किमी फेंसिंग की गई, जो लक्ष्य से अधिक है। लोकोमोटिव और ग्रीन एनर्जी में बड़ा विस्तार किया गया है।इज्जतनगर लोको शेड में इस वर्ष 42 नए इलेक्ट्रिक लोकोमोटिव जोड़े गए। अब मंडल के पास कुल 200 लोकोमोटिव (142 इलेक्ट्रिक, 58 डीजल) हैं। इसके साथ ही 319 किलोवाट सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित कर ग्रीन एनर्जी की दिशा में भी बड़ा कदम उठाया गया है। इसके साथ ही 31% ज्यादा कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया गया है। 367 कर्मचारियों को प्रमोशन किया गया।
