लखनऊ : उत्तर प्रदेश पुलिस में आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। भर्ती बोर्ड और पुलिस विभाग ने परीक्षा को पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और नकलविहीन बनाने के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। परीक्षा के लिए तैयार किए गए प्रश्नपत्र कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच संबंधित जिलों के स्ट्रांग रूम में पहुंचा दिए गए हैं। प्रश्नपत्रों के परिवहन से लेकर उनके सुरक्षित भंडारण तक की पूरी प्रक्रिया नामित नोडल अधिकारियों की निगरानी में संपन्न कराई जा रही है।
भर्ती परीक्षा 8, 9 और 10 जून 2026 को प्रदेश के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में आयोजित की जाएगी। परीक्षा में लाखों अभ्यर्थियों के शामिल होने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को अभूतपूर्व स्तर पर मजबूत किया गया है। परीक्षा केंद्रों, स्ट्रांग रूम और संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या अनियमितता को रोका जा सके।
पेपर लीक, सॉल्वर गैंग और नकल माफियाओं पर शिकंजा कसने के लिए स्पेशल टास्क फोर्स यानी एसटीएफ की विशेष टीमें सक्रिय कर दी गई हैं। इसके साथ ही साइबर सेल और जिला पुलिस को भी हाई अलर्ट पर रखा गया है। अधिकारियों के अनुसार सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। व्हाट्सएप, टेलीग्राम, फेसबुक और अन्य डिजिटल माध्यमों पर चौबीसों घंटे मॉनिटरिंग की जा रही है ताकि किसी भी प्रकार के फर्जी प्रश्नपत्र, अफवाह या भ्रामक सूचना को समय रहते पकड़ा जा सके।
पुलिस और भर्ती बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा से जुड़ी किसी भी फर्जी जानकारी को प्रसारित करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों का कहना है कि परीक्षा की शुचिता और पारदर्शिता बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए हर स्तर पर निगरानी रखी जा रही है। उधर भर्ती बोर्ड ने अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र जारी करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। परीक्षा की निर्धारित तिथि से तीन दिन पहले एडमिट कार्ड बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड किए जा रहे हैं। अभ्यर्थियों को पहले अपनी जिला सूचना पर्ची डाउनलोड करनी होगी, जिसके बाद वे अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकेंगे।
भर्ती बोर्ड ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे केवल आधिकारिक वेबसाइटों पर उपलब्ध सूचनाओं पर ही भरोसा करें और किसी भी संदिग्ध सूचना, फर्जी संदेश या कथित प्रश्नपत्र की जानकारी तुरंत पुलिस या भर्ती बोर्ड को दें। अधिकारियों का कहना है कि सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और परीक्षा को शांतिपूर्ण तथा पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए हर संभव कदम उठाए गए हैं।
