कानपुर : सेंट्रल रेलवे स्टेशन को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद शुक्रवार की शाम पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। कमिश्नरी पुलिस के कंट्रोल रूम पर शाम करीब सात बजे एक कॉल आई, जिसमें कहा गया कि “कानपुर सेंट्रल स्टेशन को बम से उड़ा दिया जाएगा, सब कुछ खत्म हो जाएगा।” सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया। तत्काल पुलिस, आरपीएफ, जीआरपी, बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वॉड और एलआईयू की टीमें स्टेशन परिसर में पहुंचीं। प्लेटफार्म, फुट ओवरब्रिज, वेटिंग एरिया, यात्री विश्राम कक्ष और टिकट काउंटर सहित पूरे स्टेशन की सघन तलाशी ली गई। यात्रियों और आसपास मौजूद लोगों को किसी भी संदिग्ध वस्तु को न छूने और किसी पर भी शक होने पर तुरंत पुलिस को सूचना देने की अपील की गई। कई घंटों तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद राहत की बात यह रही कि स्टेशन परिसर से कोई भी संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई।
युवक हिरासत में, पूछताछ जारी
पुलिस ने धमकी भरी कॉल करने वाले एक युवक को हिरासत में ले लिया है। पूछताछ में युवक ने दावा किया कि उसका मोबाइल 24 फरवरी को चोरी हो गया था और उसी मोबाइल से कॉल की गई है। पुलिस इस दावे की भी गहनता से जांच कर रही है। इस पूरे मामले पर सत्यजीत गुप्ता, डीसीपी पूर्वी ने बताया कि सूचना मिलने के बाद एलआईयू और खुफिया एजेंसियों ने भी मौके का जायजा लिया। सभी सुरक्षा एजेंसियों ने समन्वय के साथ कार्रवाई की और स्टेशन की हर गतिविधि पर नजर रखी गई। फिलहाल युवक से आरपीएफ और पुलिस की संयुक्त टीम पूछताछ कर रही है।
पुलिस का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है और दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है।
