कविता के जरिए साधा निशाना, कानून-व्यवस्था, बुलडोजर कार्रवाई, आरक्षण और PDA के मुद्दे उठाए
लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक कविता साझा करते हुए सरकार की नीतियों, कानून -व्यवस्था, बुलडोजर कार्रवाई, आरक्षण, शिक्षामित्र, आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं समेत कई मुद्दों को लेकर निशाना साधा।अखिलेश यादव ने अपनी कविता की शुरुआत “काला चश्मा लगाकर आनेवाले” पंक्ति से करते हुए सरकार पर जनता को गुमराह करने, झूठे मुकदमे दर्ज कराने, बुलडोजर कार्रवाई करने और जनसमस्याओं की अनदेखी करने के आरोप लगाए। उन्होंने पत्रकारों, अधिवक्ताओं, शिक्षकों और विभिन्न कर्मचारी वर्गों से जुड़े मुद्दों का भी उल्लेख किया। सपा प्रमुख ने अपने बयान में ‘पीडीए’ (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) वर्ग, आरक्षण और कथित फर्जी एनकाउंटर जैसे मुद्दों को भी उठाया। कविता के अंत में उन्होंने लिखा, “अब हैं जानेवाले, लौटकर न आनेवाले”, जिसे राजनीतिक जानकार आगामी चुनावों को लेकर भाजपा सरकार पर सपा के हमले के रूप में देख रहे हैं।
गाजीपुर हत्याकांड पर सपा प्रमुख बोले- यूपी में अपराधी बेखौफ
एसपी चीफ अखिलेश यादव ने गाजीपुर में होटल कारोबारी के बेटे की दिनदहाड़े हत्या की घटना को बेहद दुखद और निंदनीय बताया है। सोशल मीडिया पर जारी बयान में उन्होंने कहा कि यह वारदात प्रदेश में अपराधियों के बढ़ते दुस्साहस को दर्शाती है और इससे आम जनता में भय का माहौल है। अखिलेश यादव ने घटना को लेकर उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि अपराधी बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसी घटनाएं कानून-व्यवस्था के कमजोर होने का संकेत हैं।
भ्रष्ट परीक्षा प्रणाली से छात्र परेशान,वीडियो शेयर कर उठाए सवाल
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने CUET-PG परीक्षा को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा करते हुए उन्होंने लिखा, “भाजपाई भ्रष्टाचार के रूप अनेक, भ्रष्ट परीक्षा प्रणाली उनमें से एक”। इसके साथ ही उन्होंने दावा किया कि परीक्षा व्यवस्था से परेशान छात्र अब बदलाव की मांग कर रहे हैं।अखिलेश यादव ने अपने पोस्ट में #CUET_PG_EXAM हैशटैग का इस्तेमाल करते हुए परीक्षा प्रणाली की पारदर्शिता और व्यवस्थाओं पर सवाल उठाए।
