मेरठ : मवाना थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज और बेहद संवेदनशील मामला सामने आया है, जहां शादी से कुछ ही घंटे पहले एक महिला सिपाही का अपहरण कर लिया गया। यह घटना गांव अकबरपुर सादात की है, जहां शनिवार रात महिला सिपाही की बरात आनी थी, लेकिन उससे पहले ही शाम के समय उसे अगवा कर लिया गया। इस घटना से न सिर्फ पीड़ित परिवार बल्कि पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, महिला सिपाही उत्तर प्रदेश पुलिस में वर्ष 2021 बैच की कांस्टेबल है। वह वर्तमान में मुजफ्फरनगर जिले के एक थाने में तैनात है। शादी की तैयारियां पूरी हो चुकी थीं और परिवार में खुशी का माहौल था। इसी बीच मेरठ के ही मवाना क्षेत्र के गांव ढिकोली निवासी युवक अंकित पर महिला सिपाही को जबरन उठाकर ले जाने का आरोप लगा है। बताया गया कि आरोपी अंकित उसी गांव ढिकोली का रहने वाला है, जहां से महिला सिपाही की बरात आनी थी। खास बात यह है कि होने वाला दूल्हा भी पुलिस विभाग में कांस्टेबल है और मुजफ्फरनगर में ही तैनात है। घटना के बाद से गांव में अफरा-तफरी मच गई और शादी की खुशियां मातम में बदल गईं।
महिला सिपाही के परिजनों ने तत्काल मवाना थाना पुलिस से संपर्क कर पूरे मामले की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी हरकत में आ गए। एसएसपी मेरठ ने महिला सिपाही की सकुशल बरामदगी के लिए दो विशेष पुलिस टीमों का गठन किया है। इसके साथ ही मामले की गंभीरता को देखते हुए एसटीएफ (स्पेशल टास्क फोर्स) को भी जांच और तलाश में लगाया गया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और आरोपी की तलाश के लिए तकनीकी साक्ष्यों का भी सहारा लिया जा रहा है। मोबाइल लोकेशन, सीसीटीवी फुटेज और अन्य इनपुट के आधार पर पुलिस टीमें लगातार कार्रवाई कर रही हैं। फिलहाल इस पूरे मामले को गोपनीयता के दायरे में रखा गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि महिला सिपाही की सुरक्षा सर्वोपरि है और किसी भी तरह की जानकारी सार्वजनिक करने से रेस्क्यू ऑपरेशन प्रभावित हो सकता है। इसी कारण पुलिस की ओर से अभी सीमित जानकारी ही साझा की जा रही है।
