लखीमपुर खीरी : धौरहरा थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। बसंतापुर पुलिया के पास सवारियों से भरा एक टेंपो अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे मौके पर ही तीन मासूम बच्चों की मौत हो गई, जबकि टेंपो चालक ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इस हादसे में कुल चार लोगों की जान चली गई, वहीं पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह हादसा रात करीब 12:45 बजे हुआ, जब धौरहरा क्षेत्र से एक धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होकर लोग टेंपो से अपने गांव ऊंचगांव, थाना खमरिया लौट रहे थे। रास्ते में घने कोहरे के कारण दृश्यता बेहद कम हो गई थी। इसी दौरान बसंतापुर पुलिया के समीप टेंपो चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया और टेंपो सड़क किनारे पलट गया। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घायलों को बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धौरहरा भिजवाया। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने खुशबू (12 वर्ष), अबू तालिब (5 वर्ष) और अजरा (2 वर्ष) को मृत घोषित कर दिया। मासूम बच्चों की मौत की खबर मिलते ही अस्पताल परिसर में चीख-पुकार मच गई।
घायलों में किस्मतुन (45 वर्ष), साकिया (20 वर्ष), सादिया (22 वर्ष), निदा (10 वर्ष) और अकील (18 वर्ष) शामिल हैं। सभी घायलों की हालत को गंभीर देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद जिला चिकित्सालय लखीमपुर खीरी रेफर कर दिया गया। वहीं, टेंपो चालक इसराइल उर्फ जीशान (30 वर्ष), निवासी ग्राम रसूलपुर थाना खमरिया, ने भी जिला अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
हादसे की खबर जैसे ही गांव पहुंची, मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया। पूरे गांव में शोक का माहौल है। पुलिस ने चारों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण घना कोहरा और तेज रफ्तार माना जा रहा है। प्रशासन की ओर से आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
