नई दिल्ली : पश्चिम एशिया में तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है और इसका सीधा असर अब वैश्विक समुद्री व्यापार पर दिखाई देने लगा है। स्ट्रेट ऑफ होर्मुज, जो दुनिया के सबसे अहम तेल आपूर्ति मार्गों में से एक माना जाता है, वहां हालात बेहद गंभीर हो गए हैं।
जानकारी के अनुसार, ईरान की नौसेना द्वारा इस रणनीतिक जलमार्ग में भारतीय झंडा लगे जहाजों पर गोलीबारी की घटना सामने आई है, जिससे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चिंता और बढ़ गई है। इसी दौरान एक ऑडियो क्लिप भी वायरल हो रही है, जिसमें जहाज के कप्तान और ईरानी नौसेना के बीच तीखी बातचीत होने का दावा किया जा रहा है।
मामला तब और गंभीर हो गया जब भारतीय सुपरटैंकर ‘सनमार हेराल्ड’ इराक से करीब 20 लाख बैरल तेल लेकर गुजर रहा था। इसी दौरान ईरानी रिवोल्यूशनरी गार्ड्स (IRGC) से जुड़े गनबोट्स द्वारा कथित तौर पर उस पर फायरिंग की गई। वायरल ऑडियो में जहाज का कप्तान ईरानी पक्ष से सवाल करता सुनाई देता है कि पहले रास्ता देने की अनुमति के बावजूद अचानक हमला क्यों किया गया।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, ब्रिटेन स्थित मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशंस ने भी इस घटना की पुष्टि की है। बताया जा रहा है कि ईरान की ओर से रेडियो संदेश के जरिए स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को बंद करने की चेतावनी दी गई, जिसके बाद इस क्षेत्र में जहाजों की आवाजाही लगभग रुक गई।
हालांकि इस घटना में राहत की बात यह है कि भारतीय जहाज ‘सनमार हेराल्ड’ के सभी चालक दल सुरक्षित हैं। भारत सरकार ने इस मामले में कड़ा रुख अपनाते हुए ईरानी राजदूत को तलब किया है और अपने नागरिकों तथा जहाजों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताया है।
इसी बीच ईरान ने एक चीनी जहाज को भी होर्मुज स्ट्रेट से लौटने का निर्देश दिया है, यह स्पष्ट करते हुए कि किसी भी जहाज को बिना अलग अनुमति इस मार्ग से गुजरने की इजाजत नहीं दी जाएगी। विशेषज्ञों का मानना है कि यह पूरा घटनाक्रम न सिर्फ क्षेत्रीय तनाव को बढ़ा रहा है, बल्कि वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति और अंतरराष्ट्रीय व्यापार के लिए भी बड़ा खतरा बन सकता है।
