चंडीगढ़ से सेना के सूबेदार का शव लेकर देवरिया लौट रहे थे परिजन, एंबुलेंस चालक समेत परिवार के तीन सदस्यों की गई जान
सुल्तानपुर: उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर में रविवार सुबह पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हलियापुर थाना क्षेत्र में एक एंबुलेंस अज्ञात वाहन से टकरा गई। हादसे में एंबुलेंस चालक और उसमें सवार परिवार के तीन सदस्यों समेत चार लोगों की मौत हो गई। सभी मृतक देवरिया जिले के रहने वाले थे और सेना के सूबेदार का शव लेकर चंडीगढ़ से देवरिया लौट रहे थे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर दुख जताते हुए अधिकारियों को राहत और बचाव कार्य के निर्देश दिए हैं। उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है।
किमी 79.03 पर हुआ हादसा
पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल के मुताबिक, हादसा रविवार सुबह करीब 8:30 बजे पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के किलोमीटर 79.03 पर हुआ। एंबुलेंस किसी अज्ञात वाहन से टकरा गई। हादसे की सूचना मिलते ही हलियापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस में फंसे लोगों को बाहर निकाला। हादसे में चार लोगों की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर थाने में सुरक्षित रखवाया है। परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।
सूबेदार का शव लेकर चंडीगढ़ से लौट रहे थे
पुलिस के अनुसार, एंबुलेंस में सेना के सूबेदार सत्यवान सिंह का शव रखा हुआ था। सत्यवान सिंह देवरिया जिले के रुद्रपुर थाना क्षेत्र के गलिया दुधैला गांव के निवासी थे। सूबेदार के निधन के बाद उनके परिजन शव लेकर चंडीगढ़ से अपने गांव देवरिया लौट रहे थे। इसी दौरान पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर एंबुलेंस हादसे का शिकार हो गई।
सूबेदार के बेटे और भाई समेत चार की मौत
हादसे में मृतकों की पहचान सूबेदार सत्यवान सिंह के बेटे गौरव सिंह, उनके भाई राजन सिंह पुत्र भूपति सिंह, भतीजे राम समुझ पुत्र जय सिंह और एंबुलेंस चालक जसपाल के रूप में हुई है। चारों की मौत हादसे में हुई है। वहीं जिस सूबेदार का शव एंबुलेंस में ले जाया जा रहा था, उनका शव भी सुरक्षित रखा गया है।
परिजनों के आने के बाद होगा पोस्टमार्टम
प्रभारी निरीक्षक हलियापुर अतुल कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि हादसे में चार लोगों की मौत हुई है। सभी शवों को फिलहाल थाने में सुरक्षित रखवाया गया है। पुलिस ने मृतकों के परिजनों को हादसे की सूचना दे दी है। परिजनों के आने के बाद पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अज्ञात वाहन और हादसे की परिस्थितियों की भी जांच कर रही है।
मुख्यमंत्री योगी ने जताया दुख
हादसे की जानकारी मिलने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना पर दुख व्यक्त किया। उन्होंने अधिकारियों को राहत-बचाव कार्य तेजी से पूरा कराने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए कहा है। फिलहाल पुलिस हादसे की जांच कर रही है और अज्ञात वाहन के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
