लखनऊ/बरेली: लखनऊ में प्रतिबंधित चाइनीज मांझे से युवक की दर्दनाक मौत के बाद उत्तर प्रदेश सरकार ने पूरे प्रदेश में सख्त कार्रवाई के निर्देश जारी किए हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आदेश के बाद पुलिस और प्रशासन अवैध मांझे के खिलाफ विशेष अभियान चला रहे हैं। साफ कहा गया है कि अब इस जानलेवा मांझे से होने वाली मौतों को हादसा नहीं बल्कि हत्या माना जाएगा और दोषियों पर गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज होंगे।
बरेली में एसपी सिटी ने संभाली कमान, बाजारों में छापेमारी

इसी कड़ी में बरेली में एसपी सिटी मानुष पारीक ने थाना किला क्षेत्र के बाकरगंज इलाके में विशेष अभियान चलाया। पुलिस टीम के साथ उन्होंने बाजारों में दुकानों की जांच की और उन व्यापारियों को चिन्हित किया जो चोरी-छिपे प्रतिबंधित चाइनीज मांझा बेच रहे थे।
ASP और थाना प्रभारी भी रहे मौजूद
अभियान के दौरान एसपी सिटी के साथ ASP सोनाली मिश्रा और थाना किला प्रभारी इंस्पेक्टर सुभाष कुमार भी मौके पर मौजूद रहे। अधिकारियों ने दुकानदारों को सख्त चेतावनी दी कि भविष्य में अगर कहीं भी चाइनीज मांझा मिला तो कठोर कार्रवाई तय है।
जान से खेलने वालों को नहीं बख्शा जाएगा:एसपी सिटी
मीडिया से बातचीत में एसपी सिटी मानुष पारीक ने कहा कि चाइनीज मांझा आम लोगों के लिए जानलेवा बन चुका है। इसे बेचने और इस्तेमाल करने वालों पर गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज किए जाएंगे और अभियान लगातार जारी रहेगा।
लखनऊ हादसे से बढ़ी सख्ती
गौरतलब है कि हाल ही में लखनऊ में 33 वर्षीय मोहम्मद शोएब की मौत चाइनीज मांझे की चपेट में आने से हो गई थी। इस घटना के बाद मुख्यमंत्री ने नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को पूरे प्रदेश में सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए थे।
आंकड़े कर रहे खतरे की पुष्टि
सरकारी आंकड़ों के मुताबिक पिछले एक साल में यूपी में चाइनीज मांझे से कम से कम आठ लोगों की जान जा चुकी है। इसके बावजूद इसकी अवैध बिक्री जारी थी, जिसे रोकने के लिए अब प्रशासन ने कमर कस ली है। बरेली में चलाया गया यह अभियान इसी दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है, जिससे आम जनता को इस जानलेवा खतरे से राहत मिलने की उम्मीद है।
