सीतापुर : सीतापुर से इस वक्त एक बड़ी और सनसनीखेज खबर सामने आ रही है। इमलिया सुल्तानपुर थाना क्षेत्र के फत्तेपुर गांव में शुक्रवार की रात हुए दोहरे हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पिता–पुत्र की गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी दो सगे भाइयों को वारदात के महज पांच घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है।
बताया जा रहा है कि शुक्रवार देर रात फत्तेपुर गांव में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब अख्तर खां और उनके पुत्र की अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई और ग्रामीणों में आक्रोश देखने को मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।
इस दोहरे हत्याकांड को पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने गंभीरता से लिया और तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई विशेष टीमें गठित की गईं, जिनमें थाना पुलिस के साथ-साथ सर्विलांस टीम और लोकल इंटेलिजेंस को भी शामिल किया गया। पुलिस ने लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दी और तकनीकी व मुखबिर तंत्र की मदद से मुख्य आरोपियों तक पहुंचने में सफलता हासिल की।
पुलिस ने इस मामले में टामू सहित दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया है, जिन्हें वारदात के कुछ ही घंटों के भीतर हिरासत में ले लिया गया। वहीं मृतक अख्तर खां के ससुर महफूज आलम की तहरीर पर कुल छह नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। एफआईआर में चार सगे भाइयों समेत छह लोगों को आरोपी बनाया गया है। प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे आपसी रंजिश और पुराने हत्याकांड से जुड़ा विवाद सामने आ रहा है।
घटना के बाद से फत्तेपुर गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके। गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार गश्त की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने बताया कि शेष फरार आरोपियों की तलाश के लिए टीमें लगातार दबिश दे रही हैं और जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस का दावा है कि इस मामले में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
