सीतापुर : सीतापुर जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां लव मैरिज के महज 22 दिन बाद पति-पत्नी के शव एक ही फंदे से पेड़ पर लटके हुए मिले। यह घटना हरगांव थाना क्षेत्र के अनियापुर गांव की है। रविवार सुबह जब ग्रामीण खेतों की ओर निकले, तो गांव के बाहर स्थित एक पेड़ पर दोनों के शव लटके देखकर हड़कंप मच गया। देखते ही देखते मौके पर भीड़ जमा हो गई और पूरे गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सूचना मिलने पर हरगांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से दोनों शवों को नीचे उतरवाया गया। मौके की स्थिति देखकर कई सवाल खड़े हो गए, क्योंकि दोनों शव जिस फंदे से लटके थे, उनके पैर जमीन को छू रहे थे। इससे आत्महत्या और किसी साजिश की आशंका दोनों ही जताई जा रही हैं। पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर जांच शुरू कर दी है।
ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि जिस पेड़ पर दोनों के शव मिले हैं, ठीक उसके नीचे महामाई का एक छोटा सा मंदिर बना हुआ है। इसी मंदिर में कुछ दिन पहले दोनों ने छिपकर प्रेम विवाह किया था। बताया गया कि जब दोनों के परिवारों को इस शादी की जानकारी मिली, तो घरवाले मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक युवक और युवती सात फेरे ले चुके थे। शुरुआती नाराजगी के बाद दोनों परिवारों में समझौता हो गया था और समाजिक दबाव के बावजूद परिजनों ने इस रिश्ते को स्वीकार कर लिया था।
गांव वालों के मुताबिक शादी के बाद दोनों पति-पत्नी सामान्य जीवन जी रहे थे और किसी बड़े विवाद की जानकारी सामने नहीं आई है। ऐसे में अचानक इस तरह दोनों का एक साथ मौत के फंदे पर लटकना पूरे गांव को स्तब्ध कर गया है। लोग तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं और घटना को लेकर कई सवाल उठा रहे हैं।
सीओ सदर नेहा त्रिपाठी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। हत्या या किसी दबाव की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा सकता। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। गांव में शोक का माहौल है और इस रहस्यमयी घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।
