एसटीएफ मेरठ और मुजफ्फरनगर पुलिस की मुठभेड़ में मारा गया, वांछित बदमाश, भारी मात्रा में हथियार बरामद
अब तक 12 से ज्यादा केस दर्ज, पुलिस कस्टडी में भी कर चुका था हत्या
मुजफ्फरनगर/मेरठ/लखनऊ : यूपी की मेरठ स्पेशल टास्क फोर्स (STF) को देर रात एक बड़ी सफलता हाथ लगी, जब माफिया मुख्तार अंसारी और गैंगस्टर संजीव जीवा से जुड़े कुख्यात शूटर शाहरुख पठान को मुठभेड़ में मार गिराया गया। यह मुठभेड़ मुजफ्फरनगर जनपद के छपार थाना क्षेत्र के बिजोपुरा तिराहे पर हुई।
10 राउंड से अधिक फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में ढेर
एएसपी बृजेश कुमार के अनुसार, STF को इनपुट मिला था कि एक संदिग्ध कार सवार बदमाश छपार क्षेत्र में घूम रहा है। पुलिस ने घेरेबंदी की और जैसे ही बदमाश की कार रोकी गई, उसने पुलिस पर ताबड़तोड़ 10 से ज्यादा राउंड फायरिंग की । जवाबी कार्रवाई में शार्प शूटर शाहरुख पठान ढेर हो गया। शाहरुख पर 12 से अधिक गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पूर्व में पुलिस कस्टडी में हत्या का आरोप है। बताया जाता है कि 3 पिस्तौलें (जिसमें एक 9mm की देसी पिस्तौल शामिल), 60 से अधिक जिंदा कारतूस और एक कार भी जब्त की है।
जानें क्या बोले एएसपी STF
एएसपी STF बृजेश कुमार ने मीडिया को बताया कि “शाहरुख पठान एक हाई रिस्क अपराधी था। सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई की गई। मुठभेड़ में उसे ढेर कर दिया गया। उसकी पूरी नेटवर्किंग और संबंधों की जांच चल रही है।”
