कौशांबी के मंझनपुर तहसील परिसर में दिखा चौंकाने वाला नजारा, बालों से सरकारी गाड़ी खींचते कलाकार का वीडियो वायरल, उठे सवाल
कौशांबी /लखनऊ: यूपी के कौशांबी जिले के मंझनपुर तहसील परिसर में ऐसा अनोखा और अकल्पनीय नजारा देखने को मिला। जिसने न सिर्फ दर्शकों को चौंका दिया, बल्कि अब प्रशासन को भी कटघरे में खड़ा कर दिया है। एक कलाकार ने अपनी लंबी जटाओं में रस्सी बांधकर SDM की सरकारी गाड़ी को कई मीटर तक घसीट दिया, और अधिकारी-कर्मचारी कुर्सी लगाकर यह तमाशा देखते रहे।
SDM की गाड़ी बना सर्कस का हिस्सा, प्रशासन बना दर्शक
घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो चुका है। इसमें देखा जा सकता है कि एक युवक अपने बालों से रस्सी बांधकर SDM की गाड़ी (सरकारी नंबर प्लेट सहित) को खींचता है। यह करतब तहसील परिसर के भीतर सार्वजनिक रूप से किया गया। जिसमें SDM, तहसीलदार, नायब तहसीलदार और अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। कुछ अधिकारी तो बाकायदा कुर्सियों पर बैठकर करतब का आनंद लेते दिखाई दिए।
कार्यक्रम या लापरवाही? जवाब अब तक नहीं मिला
बताया जा रहा है कि यह प्रदर्शन किसी सरकारी सांस्कृतिक कार्यक्रम का हिस्सा था, लेकिन सवाल यह उठ रहा है कि क्या प्रशासन ने सरकारी वाहन को करतब के लिए अनुमति दी थी? सबसे चिंताजनक बात यह है कि इस जोखिम भरे स्टंट के दौरान कोई सुरक्षा इंतजाम नहीं किए गए थे। लाइफ सपोर्ट या मेडिकल सुविधा भी मौके पर उपलब्ध नहीं थी।
सोशल मीडिया पर बवाल, उठी जांच की मांग
वीडियो वायरल होने के बाद लोगों ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। कुछ ने इसे कलाकार की साहसिक प्रतिभा करार दिया, तो कईयों ने सरकारी संपत्ति के दुरुपयोग और प्रशासन की गैरजिम्मेदारी पर सवाल उठाए। यूजर्स का कहना है कि अगर इस स्टंट में कोई हादसा होता, तो उसका जिम्मेदार कौन होता?। कई लोगों ने पूछा कि क्या सरकारी गाड़ियाँ तमाशे की चीज बन चुकी हैं?।
जवाबदेही तय करने की मांग, जांच के आसार
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि इस स्टंट के लिए प्रशासन से लिखित अनुमति ली गई थी या नहीं। लेकिन अब इस मामले में जवाबदेही तय करने और जांच की मांग उठ रही है। अगर यह करतब बिना अनुमति हुआ है, तो सवाल यह है कि अधिकारियों ने इसे रोका क्यों नहीं?
क्या कहते हैं विशेषज्ञ?
प्रशासनिक मामलों के जानकारों का कहना है कि किसी भी सरकारी वाहन का ऐसा गैर-आवश्यक और जोखिमभरा प्रयोग न सिर्फ नियमों के विरुद्ध है, बल्कि यह सुरक्षा और आचरण संहिता का उल्लंघन भी माना जा सकता है।
![]()
