संतकबीरनगर में दर्दनाक हादसा, दंपती और उनके बच्चों समेत उजड़ गया पूरा परिवार, बस जब्त, चालक हिरासत में
संतकबीरनगर/लखनऊ: यूपी के संतकबीरनगर जिले में एक भीषण सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। खलीलाबाद कोतवाली क्षेत्र के कांटे-मुंडेरवा मार्ग पर स्थित बूधा गांव के पास एक तेज रफ्तार रोडवेज बस ने सवारियों से भरी ऑटो को टक्कर मार दी। हादसे में एक ही परिवार के पति-पत्नी और उनके मासूम बेटे समेत 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
मरीज देखकर लौट रहे थे, रास्ते में टूटा परिवार का सपना
हादसे में जान गंवाने वाले सभी लोग पास के प्राइवेट अस्पताल से मरीज को देखकर अपने गांव बूधा लौट रहे थे, तभी देवरिया डिपो से बस्ती की ओर जा रही रोडवेज बस ने उनकी ऑटो को जबरदस्त टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए और सवार सड़क पर गिर पड़े। इस घटना में अमरजीत (30 वर्ष), उनके पुत्र अमन (4 वर्ष) पत्नी विधना देवी (50 वर्ष), भाई तेजू की पत्नी मुराती देवी (32 वर्ष) और सरिता (28 वर्ष) पत्नी अमरजीत की इलाज के दौरान मौत हो गई।
इलाज के लिए भेजे गए, मगर मौत पीछा करती रही
घटना के तुरंत बाद कांटे पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया। वहां से सरिता और एक अन्य घायल अमन (2 वर्ष) को गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। सरिता की हालत बेहद नाजुक थी, बुधवार सुबह में इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई।
चालक को ग्रामीणों ने पकड़ा, पुलिस के हवाले किया
हादसे के बाद गुस्साए स्थानीय लोगों ने रोडवेज बस के चालक को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने बस को सीज कर चालक को हिरासत में ले लिया है। फिलहाल चालक से पूछताछ की जा रही है।
प्रशासन एक्टिव, डीएम और एसपी पहुंचे मौके पर
घटना की जानकारी मिलते ही डीएम आलोक कुमार और एसपी संदीप कुमार मीणा मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। इसके साथ ही एडीएम जयप्रकाश, एएसपी सुशील कुमार सिंह समेत प्रशासन के अन्य अधिकारी जिला अस्पताल पहुंचे और पीड़ित परिवार से मुलाकात की।
स्थानीयों में आक्रोश, प्रशासन से मुआवज़े की मांग
हादसे के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को उचित मुआवज़ा और दोषी चालक पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
![]()
