लखनऊ : रविवार को फिल्म अभिनेता संजय दत्त राजधानी लखनऊ पहुंचे और अपने अलग अंदाज़ से लोगों का दिल जीत लिया। उन्होंने युवाओं को मुंबइया स्टाइल में समझाते हुए कहा “ओए मामू, जित्ते भी मामू इधर खड़ेला हैं ना… सब बात सुनने का। जिंदगी में दो काम करने का एक पौधा लगाने का, दूसरा पानी बचाने का। अगर ये नहीं किया तो खुद की वाट लगाने का।” उनके इस डायलॉग पर कार्यक्रम स्थल तालियों से गूंज उठा। एलईडी स्क्रीन पर इसी दौरान उनकी सुपरहिट फिल्म मुन्ना भाई एमबीबीएस का गाना भी चलाया गया, जिससे माहौल और जीवंत हो गया।
नेट जीरो कार्यक्रम में सम्मान, रोड शो में उमड़ा जनसैलाब
संजय दत्त डॉ. राजेश्वर सिंह के आमंत्रण पर लखनऊ आए थे। आशियाना के बंगला बाजार में आयोजित नेट जीरो कार्यक्रम में उन्होंने पर्यावरण प्रेमियों को सम्मानित किया कार्यक्रम स्थल तक पहुंचने के लिए संजय दत्त ने करीब एक किलोमीटर लंबा रोड शो किया। जैसे ही वह खुली जीप में सवार हुए, फैंस बेकाबू हो गए। सड़क के दोनों ओर भारी भीड़ उमड़ पड़ी। लोग फूलों की बारिश करते रहे, छतों से गुलाब की पंखुड़ियां बरसाईं गईं। पुलिस को भीड़ संभालने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। संजय दत्त हाथ हिलाकर लगातार लोगों का अभिवादन स्वीकार करते रहे।
“संजू गाड़ी में बैठे, विधायक ने पकड़ी स्टेयरिंग”
कार्यक्रम समाप्त होने के बाद एक दिलचस्प नज़ारा देखने को मिला। जैसे ही काफिला रवाना होने लगा, विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह खुद ड्राइविंग सीट पर बैठ गए और स्टेयरिंग संभाल ली। पहले संजय दत्त बीच वाली सीट पर बैठे थे, लेकिन जैसे ही उन्होंने विधायक को ड्राइव करते देखा, वह मुस्कुराते हुए आगे की सीट पर आ गए।
इस पल का वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं। संजय दत्त का यह दौरा न सिर्फ सियासी और सामाजिक चर्चा में रहा, बल्कि युवाओं को पर्यावरण संरक्षण का सीधा और असरदार संदेश भी दे गया।
