नेपाल : नेपाल में सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। धादिंग जिला के बेनिघाट रोरांग इलाके में एक यात्री बस अनियंत्रित होकर हाईवे से नीचे त्रिशूली नदी में जा गिरी। इस हादसे में अब तक 18 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि 26 यात्री घायल बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
पोखरा से काठमांडू जा रही थी बस
पुलिस और सशस्त्र पुलिस बल (APF) के अनुसार, बस संख्या Ga 1 Kha 1421 पोखरा से काठमांडू की ओर जा रही थी। देर रात करीब 1:30 बजे ड्राइवर का बस से नियंत्रण खो गया, जिसके बाद बस सीधे नदी में जा गिरी। दुर्घटना के समय बस में कुल 44 यात्री सवार थे। मृतकों में 12 पुरुष और 6 महिलाएं शामिल हैं, जिनमें एक पुरुष और एक महिला विदेशी नागरिक भी बताए जा रहे हैं। हालांकि, उनकी पहचान और नागरिकता की जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
रात में चला रेस्क्यू ऑपरेशन, जांच जारी
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, APF और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। अंधेरा और नदी का तेज बहाव रेस्क्यू ऑपरेशन में बड़ी चुनौती बना। अब तक 17 शव नदी से बरामद किए गए थे, जबकि बाद में एक अन्य घायल यात्री की मौत हो गई, जिससे मृतकों की संख्या 18 हो गई। घायल यात्रियों को स्थानीय अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जबकि गंभीर रूप से घायलों को काठमांडू रेफर किया गया है। पुलिस ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है और बस चालक की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।
