12 नवंबर को होना है दो सगी बहनों का निकाह, मैरिज गार्डन मालिक को कार्यक्रम रद्द करने की धमकी देने का आरोप; बहनों ने पुलिस से मांगी सुरक्षा
सहारनपुर। जिले के गंगोह में दो सगी बहनों के निकाह से पहले दूल्हों के नामों को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। दोनों बहनों का निकाह 12 नवंबर 2026 को होना है। आरोप है कि दूल्हों के हिंदू परंपरा जैसे नाम होने पर कुछ लोगों ने आपत्ति जताई और शादी समारोह के लिए बुक किए गए मैरिज गार्डन के मालिक को फोन कर कार्यक्रम रद्द करने की धमकी दी। इसके बाद दोनों बहनों ने कोतवाली पुलिस को शिकायत देकर निकाह शांतिपूर्वक संपन्न कराने के लिए सुरक्षा की मांग की है। गंगोह के अनारकली मोहल्ले में रहने वालीं रमशा परवीन और गुल्फशां परवीन ने पुलिस को बताया कि उनके माता-पिता ने दोनों की शादी तय की है। निकाह के लिए मोहम्मद गौरी मोहल्ले में बड़े कब्रिस्तान के पास स्थित एक मैरिज गार्डन बुक कराया गया है। दोनों बहनों के अनुसार, जिन युवकों से उनका निकाह होना है, वे मुस्लिम हैं, लेकिन उनके नाम संजय और अनिल हैं। युवतियों का कहना है कि दूल्हों के परिवार में कई पीढ़ियों से हिंदू परंपरा के अनुसार नाम रखने का चलन है और पहले कभी इसको लेकर विवाद नहीं हुआ।
गार्डन मालिक को धमकी देने का आरोप
दोनों बहनों ने आरोप लगाया कि एक अज्ञात व्यक्ति ने मैरिज गार्डन के मालिक को फोन कर निकाह का कार्यक्रम नहीं कराने का दबाव बनाया। फोन करने वाले ने कथित तौर पर चेतावनी दी कि यदि गार्डन में शादी समारोह कराया गया तो रोहित प्रधान को बुलाकर हंगामा कराया जाएगा। इस घटना के बाद गार्डन मालिक आयोजन को लेकर असमंजस में है।
निकाह के दिन हंगामे की आशंका
बहनों का कहना है कि शादी की तारीख नजदीक है और परिवार ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। ऐसे में आयोजन स्थल पर दबाव बनाए जाने से उनकी चिंता बढ़ गई है। उन्हें आशंका है कि निकाह के दिन भी कोई विवाद या हंगामा हो सकता है। उन्होंने पुलिस से फोन करने वाले व्यक्ति की पहचान कर धमकी के आरोपों की निष्पक्ष जांच कराने और 12 नवंबर को पर्याप्त सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है।
पुलिस ने दिए जांच के निर्देश
सीओ शैलेंद्र प्रताप गौतम के अनुसार, शिकायत मिलने के बाद पुलिस को मामले की जांच कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। मैरिज गार्डन मालिक को फोन किए जाने और धमकी देने के आरोपों की भी जांच कराई जाएगी। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी। वहीं, हिंदू सुरक्षा सेवा संघ के जिलाध्यक्ष रोहित प्रधान ने कहा कि उन्हें किसी व्यक्ति की ओर से गार्डन मालिक को फोन कर धमकी देने की जानकारी नहीं है। यदि किसी ने उनके नाम का इस्तेमाल किया है तो पुलिस को जांच कर कार्रवाई करनी चाहिए। हालांकि, उन्होंने दूल्हों के हिंदू नाम होने और मुस्लिम रीति-रिवाज से निकाह किए जाने पर सवाल उठाते हुए नामों को लेकर स्थिति स्पष्ट करने की बात कही है।
