मझोला थाना क्षेत्र के दिल्ली रोड पर चाय-समोसे की दुकान पर हुआ विवाद, गोलीबारी में किशोर की गई जान; सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
मुरादाबाद। उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले में दिवाली की रात एक मामूली विवाद ने दर्दनाक रूप ले लिया। मझोला थाना क्षेत्र में दिल्ली रोड स्थित चाय के ढाबे पर युवकों के बीच हुई कहासुनी के दौरान गोली चल गई। गोली लगने से 17 वर्षीय अब्दुल्ला की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई और परिवार में मातम छा गया। पुलिस ने एक संदिग्ध युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
चाय-समोसे की दुकान पर हुआ विवाद
जानकारी के मुताबिक, मझोला थाना क्षेत्र के दिल्ली रोड पर ‘खातिरदारी’ नाम से चाय और नाश्ते का होटल है। दिवाली की रात कुछ युवक यहां बैठकर चाय-समोसे खा रहे थे। बताया गया कि सभी युवक एक-दूसरे को पहले से जानते थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर उनके बीच कहासुनी शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर एक युवक ने कथित तौर पर तमंचा निकालकर गोली चला दी। गोली वहां मौजूद 17 वर्षीय अब्दुल्ला को लग गई। वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
परिजनों ने बताया बेकसूर, होटल पर भी उठाए सवाल
मृतक के चाचा मोहम्मद फाजिल अंसारी के मुताबिक, अब्दुल्ला पाकबड़ा के मुल्लाओ वाला मोहल्ले का रहने वाला था। उसका परिवार बर्तन का कारोबार करता है। परिजनों का कहना है कि अब्दुल्ला का विवाद कर रहे युवकों से कोई लेना-देना नहीं था और न ही उसकी किसी से पुरानी रंजिश थी। परिजनों ने आरोप लगाया कि चाय के होटल पर अक्सर युवकों का जमावड़ा लगा रहता है और वहां पहले भी मारपीट जैसी घटनाएं हो चुकी हैं। परिवार ने पुलिस से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही एसपी सिटी कुंवर रणविजय सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने दुकान संचालक और वहां मौजूद लोगों से पूछताछ की। साथ ही होटल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली गई है। बताया गया है कि वारदात कैमरे में कैद हुई है। पुलिस ने एक संदिग्ध युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। अधिकारियों के मुताबिक, जांच में कुछ अहम सुराग मिले हैं और आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।
