बेहड़ा संदल गांव में सड़क और अधूरे नाले का मुद्दा उठा तो गरमा गया माहौल, चाय-पकौड़ी वाली टिप्पणी पर भी हुई नोकझोंक
सहारनपुर : सहारनपुर में मंगलवार शाम विकास भवन के सभागार में हुई दिशा की बैठक के दौरान सांसद इमरान मसूद और सपा विधायक आशु मलिक के बीच राजनीतिक तल्खी खुलकर सामने आ गई। बेहड़ा संदल गांव में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बनी सड़क और अधूरे नाले का मुद्दा उठने के बाद दोनों जनप्रतिनिधियों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है।
सड़क और अधूरे नाले को लेकर विधायक ने उठाया सवाल
दिशा की बैठक सांसद इमरान मसूद की अध्यक्षता में चल रही थी। बैठक में जनप्रतिनिधियों के अलावा जिलाधिकारी और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे। इसी दौरान सपा विधायक आशु मलिक ने बेहड़ा संदल गांव का मुद्दा उठाया। विधायक ने बताया कि गांव में करीब चार वर्ष पहले प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत सड़क का निर्माण कराया गया था, लेकिन सड़क निर्माण के दौरान नाला अधूरा छोड़ दिया गया। इसके कारण कब्रिस्तान और खेतों में पानी जाने की समस्या बनी हुई है। विधायक ने नाले का निर्माण दोबारा पूरा कराने की मांग रखी।
अधिकारी के जवाब से असंतुष्ट हुए विधायक
संबंधित अधिकारी ने जवाब दिया कि नाले का निर्माण उक्त योजना के तहत नहीं आता। इस पर विधायक आशु मलिक ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि पिछली बैठक में भी यह मुद्दा उठाया गया था और उस समय भी उन्हें गलत जानकारी दी गई थी। इसी बात को लेकर बैठक में सांसद इमरान मसूद और विधायक आशु मलिक के बीच बहस शुरू हो गई। दोनों के बीच तीखी नोकझोंक के चलते कुछ देर के लिए बैठक का माहौल गरमा गया।
विधायक बोले- चाय-पकौड़ी खाने नहीं आए
बहस के दौरान सांसद इमरान मसूद ने विधायक से नियमों के तहत अपनी बात रखने को कहा। इस पर आशु मलिक ने कहा कि सवाल उनका है और वह अधिकारी के जवाब से संतुष्ट नहीं हैं। विधायक ने कहा कि वह जनता के मुद्दे उठाने के लिए बैठक में आए हैं, चाय-पकौड़ी खाने नहीं आए। इस पर सांसद इमरान मसूद ने जवाब देते हुए पूछा कि चाय-पकौड़ी कौन खिला रहा है। सांसद ने बैठक को नियमों के तहत चलने देने की बात कही और अधिकारी पर गलत जानकारी देने के आरोप पर भी आपत्ति जताई।
सांसद ने एक सप्ताह में मांगी बिंदुवार रिपोर्ट
बहस बढ़ने के बाद सांसद इमरान मसूद ने संबंधित अधिकारी को निर्देश दिए कि विधायक आशु मलिक को पूरे मामले की जानकारी एक सप्ताह के भीतर बिंदुवार उपलब्ध कराई जाए। इसके बाद बैठक आगे बढ़ी और अन्य मुद्दों पर चर्चा की गई।
सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा वीडियो
सांसद और विधायक के बीच हुई नोकझोंक का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है। वीडियो में दोनों जनप्रतिनिधियों के बीच सड़क निर्माण और नाले से जुड़े मुद्दे पर तीखी बहस सुनाई दे रही है। घटना के बाद सहारनपुर के राजनीतिक गलियारों में भी यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।
