वजीरगंज क्षेत्र में देर रात करीब तीन बजे हादसा, नेपाल से चंडीगढ़ जा रही कार में सवार थे नौ लोग, कई पलटी खाने से कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त
बदायूं : बदायूं के वजीरगंज थाना क्षेत्र में गंगा एक्सप्रेसवे पर मंगलवार देर रात भीषण सड़क हादसा हो गया। किमी संख्या 175 के पास अचानक कुत्ता सामने आने के बाद कार अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में दो महिलाओं समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि छह लोग घायल हुए हैं। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कुत्ता सामने आने से चालक ने खोया नियंत्रण
पुलिस के अनुसार अर्टिगा कार संख्या सीएच02एए4318 में चालक समेत नौ लोग सवार थे। कार रुपैडिया नेपाल से चंडीगढ़ जा रही थी। मंगलवार देर रात करीब तीन बजे किमी संख्या 175 के पास अचानक सड़क पर कुत्ता आ गया। चालक दीपक ओली के मुताबिक कुत्ते को बचाने के प्रयास में कार अनियंत्रित हो गई और एक्सप्रेसवे पर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर कुत्ता भी मृत अवस्था में पड़ा मिला।
कई पलटी खाने से कार हुई बुरी तरह क्षतिग्रस्त
हादसा इतना भीषण था कि कार के कई बार पलटने की आशंका जताई जा रही है। दुर्घटना में वाहन चारों तरफ से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। कार की स्थिति को देखते हुए यह भी माना जा रहा है कि हादसे के समय वाहन की रफ्तार काफी तेज रही होगी।
दो महिलाओं की मौके पर मौत
हादसे में नेपाल के जिला डांग निवासी दीपना खात्री उम्र 32 वर्ष, पत्नी नेमबहादुर और विपना सुनमगर उम्र 32 वर्ष, पत्नी विशाल की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं कार में सवार अन्य लोग घायल हो गए।
अस्पताल में एक और घायल ने तोड़ा दम
हादसे के बाद पुलिस ने सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा। उपचार के दौरान एक अज्ञात घायल ने भी दम तोड़ दिया। इस तरह हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर तीन हो गई। घायलों में चालक दीपक ओली उम्र 28 वर्ष, पुष्पा उम्र 40 वर्ष, ज्ञान बहादुर मल्ल उम्र 22 वर्ष, यादव पोडे उम्र 22 वर्ष, विनोद उम्र 2 वर्ष और सिमोन उम्र 10 वर्ष शामिल हैं।
पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। दोनों महिलाओं के शवों को सीएचसी वजीरगंज में रखवाकर पंचायतनामा की कार्रवाई शुरू की गई है। पुलिस ने मृतका विपना सुनमगर के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है।
दुर्घटनाग्रस्त कार रेस्ट एरिया में खड़ी कराई
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को एक्सप्रेसवे के रेस्ट एरिया में खड़ा करा दिया है। हादसे की जांच की जा रही है। शुरुआती जांच में कुत्ते के अचानक सामने आने को हादसे की वजह बताया गया है, हालांकि वाहन की रफ्तार और अन्य परिस्थितियों की भी जांच की जा रही है।
