हैदराबाद। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी शनिवार को हैदराबाद में गिग वर्कर्स की बाइक रैली में शामिल हुए। इस दौरान वह एक गिग वर्कर की स्कूटी पर पीछे बैठकर रैली में पहुंचे। तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी भी इस रैली का हिस्सा बने। शिल्पाकला वेदिका से शुरू हुई बाइक रैली के दौरान राहुल गांधी ने नोवोटेल के पास गिग वर्कर्स को संबोधित किया। वह भारत समिट 2026 में शामिल होने के लिए शुक्रवार रात हैदराबाद पहुंचे थे।
गिग वर्कर्स की रैली में दिखे राहुल गांधी
हैदराबाद पहुंचने पर राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी, उपमुख्यमंत्री मल्लू भट्टी विक्रमार्क, अन्य मंत्रियों और कांग्रेस नेताओं ने राहुल गांधी का स्वागत किया। रैली में शामिल होने के लिए रवाना होने से पहले नोवोटेल होटल के बाहर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। हाई-प्रोफाइल सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत डॉग स्क्वॉड ने इलाके की जांच की और वाहनों की आवाजाही पर भी निगरानी रखी गई।
गिग वर्कर्स के लिए कल्याणकारी योजना का शुभारंभ
हैदराबाद के हाइटेक सिटी स्थित जयभेरी ग्राउंड में राहुल गांधी ने तेलंगाना गिग वर्कर्स सोशल सिक्योरिटी एंड वेलफेयर स्कीम का शुभारंभ किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी और उपमुख्यमंत्री मल्लू भट्टी विक्रमार्क भी मौजूद रहे। योजना का उद्देश्य गिग वर्कर्स को सामाजिक सुरक्षा और कल्याणकारी सुविधाएं उपलब्ध कराना तथा उनके भविष्य को अधिक सुरक्षित बनाना है।
राहुल गांधी बोले- कांग्रेस अपना वादा पूरा कर रही है
योजना के शुभारंभ के दौरान राहुल गांधी ने कहा कि उन्होंने पहले तेलंगाना के गिग वर्कर्स के साथ बैठक की थी। उस दौरान श्रमिकों ने अपनी परेशानियां और दर्द साझा किया था। राहुल गांधी के मुताबिक, उन्होंने गिग वर्कर्स से वादा किया था कि कांग्रेस पार्टी, मुख्यमंत्री और उनकी पूरी टीम उनकी मांगों पर जरूरी कदम उठाएगी। उनकी मदद करने और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आज कांग्रेस पार्टी अपने उसी वादे को पूरा कर रही है।
