पीलीभीत। मैट्रिमोनियल साइट जीवनसाथी डॉट कॉम पर शुरू हुआ बातचीत का सिलसिला शादी तक पहुंचने से पहले ही धोखाधड़ी के आरोपों में बदल गया। पीलीभीत में एक युवक ने आरोप लगाया है कि लखनऊ की एक महिला ने अपना नाम नेहा शुक्ला बताकर खुद को सनातन ब्राह्मण और अविवाहित बताया, जबकि बाद में उसकी वास्तविक पहचान जीनत काजी और दो बच्चों की मां के रूप में सामने आई। युवक का आरोप है कि महिला ने शादी का भरोसा दिलाकर अपने पति और अन्य साथियों के साथ मिलकर उसके साथ धोखाधड़ी की। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने महिला, उसके पति समेत सात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
मैट्रिमोनियल साइट पर हुई थी मुलाकात
कोतवाली सुनगढ़ी क्षेत्र की वल्लभनगर कॉलोनी निवासी शशांक मिश्रा के मुताबिक, 28 अगस्त को वह मैट्रिमोनियल साइट के जरिए एक महिला के संपर्क में आए थे। महिला ने अपना नाम नेहा शुक्ला बताते हुए खुद को सनातन ब्राह्मण और अविवाहित बताया। शादी की इच्छा जताने के बाद दोनों के बीच बातचीत शुरू हो गई। आरोप है कि 14 अक्टूबर को युवक को महिला की वास्तविक पहचान के बारे में जानकारी हुई। महिला का असली नाम जीनत काजी और उसके पति का नाम शाकिब वसीम बताया गया।
विरोध करने पर घर में घुसकर मारपीट का आरोप
शशांक का आरोप है कि महिला की पहचान और वैवाहिक स्थिति को लेकर विरोध करने पर 12 नवंबर को दोपहर करीब ढाई बजे महिला अपने पांच अज्ञात साथियों के साथ उसके घर पहुंच गई। आरोप है कि सभी ने घर में घुसकर उसके साथ मारपीट की। इस दौरान उसके भाई के मोबाइल फोन का डाटा भी डिलीट कर दिया गया। पीड़ित ने महिला और उसके साथियों पर माल-जेवर हड़पने, झूठे मुकदमे में फंसाने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप भी लगाए हैं।
महिला, पति समेत सात के खिलाफ FIR दर्ज
पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने जीनत काजी, उसके पति शाकिब वसीम और पांच अज्ञात लोगों को आरोपी बनाते हुए प्राथमिकी दर्ज कर ली है। फिलहाल पुलिस ऑनलाइन बातचीत, कथित लेनदेन, मारपीट और शिकायत में लगाए गए अन्य आरोपों की जांच कर रही है। मामले में आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
रिपोर्ट- ऋतिक द्विवेदी
