चंडीगढ़: पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 के लिए आम आदमी पार्टी ने अपनी चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी ने शनिवार को 40 विधानसभा सीटों पर उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी। मुख्यमंत्री भगवंत मान को एक बार फिर धूरी से चुनावी मैदान में उतारा गया है। पहली सूची में कई मौजूदा विधायकों को दोबारा टिकट दिया गया है। लुधियाना पश्चिम से जेल में बंद मंत्री संजीव अरोड़ा को भी उम्मीदवार बनाया गया है। चुनाव से करीब चार महीने पहले प्रत्याशियों के नाम घोषित कर पार्टी ने अपने चुनावी अभियान की शुरुआत कर दी है।
लुधियाना की पांच सीटों पर उम्मीदवार घोषित
आम आदमी पार्टी ने औद्योगिक नगरी लुधियाना की पांच विधानसभा सीटों पर प्रत्याशियों के नाम घोषित किए हैं। लुधियाना पूर्वी से दलजीत सिंह ग्रेवाल भोला, आत्म नगर से कुलवंत सिंह सिद्धू, लुधियाना केंद्रीय से अशोक पराशर पप्पी, लुधियाना पश्चिम से संजीव अरोड़ा और लुधियाना उत्तरी से मदन लाल बग्गा को टिकट दिया गया है। इसके अलावा अमृतसर दक्षिण से डॉ. इंदरबीर सिंह निज्जर, अजनाला से कुलदीप सिंह धालीवाल, करतारपुर से बलकार सिंह और पटियाला से अजीतपाल सिंह कोहली को उम्मीदवार बनाया गया है। बटाला से अमनशेर सिंह उर्फ शैरी कलसी को फिर से मौका दिया गया है।
मोगा की चारों सीटों पर मौजूदा विधायकों पर भरोसा
मोगा जिले की चारों विधानसभा सीटों पर पार्टी ने मौजूदा विधायकों को ही दोबारा टिकट दिया है। मोगा से डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा, निहाल सिंह वाला से मनजीत सिंह बिलासपुर, बाघापुराना से अमृतपाल सिंह सुखानंद और धर्मकोट से देविंदरजीत सिंह लाडी ढोस चुनाव लड़ेंगे। वहीं, जलालाबाद से जगदीप कंबोज गोल्डी, फाजिल्का से नरिंदरपाल सिंह, मुक्तसर से जगदीप सिंह काका बराड़, कोटकपूरा से कुलतार सिंह संधवां और तलवंडी साबो से बलजिंदर कौर को उम्मीदवार बनाया गया है।बरनाला जिले की भदौड़ सीट से लाभ सिंह उगोके और महल कलां से कुलवंत सिंह पंडोरी को टिकट दिया गया है। दोनों मौजूदा विधायक हैं।
होशियारपुर, दसूहा और बटाला में भी प्रत्याशी घोषित
होशियारपुर से ब्रह्म शंकर जिंपा, चब्बेवाल से इशांक कुमार चब्बेवाल, गढ़शंकर से जय किशन सिंह रौड़ी और दसूहा से करमबीर सिंह घुम्मन को चुनावी मैदान में उतारा गया है। बटाला से शैरी कलसी को दोबारा टिकट दिया गया है। उन्होंने 2022 के विधानसभा चुनाव में पहली बार बटाला सीट से जीत दर्ज की थी। इसके बाद 2024 के लोकसभा चुनाव में पार्टी ने उन्हें गुरदासपुर से उम्मीदवार बनाया था। नवंबर 2024 में उन्हें पंजाब में पार्टी का कार्यकारी अध्यक्ष भी नियुक्त किया गया था। पार्टी की पहली सूची में कुल 40 नाम शामिल हैं। बाकी 77 विधानसभा सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा का इंतजार है। पार्टी की ओर से अगली सूची अगले सप्ताह जारी किए जाने की बात कही गई है। अब अन्य राजनीतिक दलों की उम्मीदवारों की घोषणा और चुनावी रणनीति पर भी नजर रहेगी।
