15009/15010 गोरखपुर -इज्जतनगर एक्सप्रेस के प्रस्थान और आगमन समय में बदलाव, इज्जतनगर से अब शाम 5 बजे चलेगी ट्रेन
बरेली : पूर्वोत्तर रेलवे (एनईआर)!ने रेल यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण सूचना जारी की है। परिचालनिक सुविधा और यात्रियों की संरक्षा को ध्यान में रखते हुए 1 नवंबर 2026 से गोरखपुर -इज्जतनगर -गोरखपुर एक्सप्रेस के संचालन समय में बदलाव किया जा रहा है। वहीं, उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल के कानपुर के अनवरगंज रेलवे स्टेशन पर इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग प्रणाली की कमीशनिंग के चलते 31 अक्टूबर से 4 नवंबर तक कई ट्रेनों के संचालन पर असर पड़ेगा।इस दौरान कुछ ट्रेनें रावतपुर स्टेशन तक ही चलेंगी, जबकि कुछ गाड़ियों को निर्धारित समय से देरी से चलाया जाएगा।
1नवंबर से गोरखपुर-इज्जतनगर एक्सप्रेस का बदलेगा समय
रेलवे की ओर से जारी संशोधित समय-सारिणी के अनुसार, ट्रेन संख्या 15009 गोरखपुर -इज्जतनगर एक्सप्रेस 1 नवंबर से प्रतिदिन गोरखपुर से रात 9 बजे रवाना होगी और अगले दिन सुबह 11:35 बजे इज्जतनगर पहुंचेगी। इस ट्रेन का मानीराम, पीपीगंज,कैम्पियरगंज,आनंद नगर,बृजमनगंज,सिद्धार्थनगर, बढ़नी बलरामपुर,गोंडा, बाराबंकी,गोमती नगर,सीतापुर, लखीमपुर, गोला गोकर्णनाथ, मैलानी, पूरनपुर, पीलीभीत और भोजीपुरा समेत निर्धारित स्टेशनों पर संशोधित समय के अनुसार ठहराव रहेगा।
बरेली मंडल के यात्रियों के लिए यह हैं समय
यह ट्रेन मैलानी स्टेशन पर सुबह 8.45 बजे, पूरनपुर स्टेशन पर सुबह 9.43 बजे, पीलीभीत स्टेशन पर सुबह 10.43 बजे, भोजीपुरा स्टेशन पर सुबह 11.17 बजे, इज्जतनगर स्टेशन पर सुबह 11.35 बजे पहुंचेगी। इसके साथ ही वापसी में इज्जतनगर से शाम 5 बजे चलेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 15010 इज्जतनगर-गोरखपुर एक्सप्रेस भी 1 नवंबर से प्रतिदिन संशोधित समय पर संचालित होगी। यह ट्रेन इज्जतनगर से शाम 5 बजे रवाना होगी और भोजीपुरा, पीलीभीत, पूरनपुर, मैलानी, गोला गोकर्णनाथ, लखीमपुर, सीतापुर, गोंडा, बलरामपुर और अन्य निर्धारित स्टेशनों से होते हुए अगले दिन सुबह 7 बजे गोरखपुर पहुंचेगी।
बरेली मंडल के प्रमुख स्टेशनों का संशोधित समय
इज्जतनगर स्टेशन से शाम 5.00 बजे प्रस्थान, भोजीपुरा स्टेशन पर शाम 5.20 बजे, पीलीभीत स्टेशन से शाम 6.05 बजे, पूरनपुर स्टेशन से शाम 7.22 बजे, मैलानी स्टेशन से रात 8.10 बजे आएगी। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि 1 नवंबर से इस ट्रेन में यात्रा करने वाले यात्री पुरानी समय-सारिणी के बजाय संशोधित समय का ध्यान रखें।
कानपुर अनवरगंज में इंटरलॉकिंग कार्य, कई ट्रेनें प्रभावित
दूसरी ओर, कानपुर अनवरगंज रेलवे स्टेशन पर इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग प्रणाली की कमीशनिंग का कार्य किया जा रहा है। इस तकनीकी कार्य का उद्देश्य रेल परिचालन को अधिक सुरक्षित और सुगम बनाना है। इसके चलते पूर्वोत्तर रेलवे की कुछ ट्रेनों का आंशिक निरस्तीकरण, शॉर्ट टर्मिनेशन, ओरिजिनेशन, पुनर्निर्धारण और रेग्युलेशन किया गया है।
इन ट्रेनों का संचालन रावतपुर तक सीमित
ट्रेन संख्या 55348 फर्रुखाबाद -कानपुर अनवरगंज पैसेंजर 31 अक्टूबर तथा 2 और 3 नवंबर 2026 को कानपुर अनवरगंज के बजाय रावतपुर स्टेशन पर यात्रा समाप्त करेगी। ट्रेन संख्या 15037 कानपुर अनवरगंज -कासगंज एक्सप्रेस, 31 अक्टूबर तथा 2 और 3 नवंबर 2026 को कानपुर अनवरगंज के बजाय रावतपुर स्टेशन से अपनी यात्रा शुरू करेगी।
इन ट्रेनों के समय में होगी देरी
इंटरलॉकिंग कार्य के कारण दो ट्रेनों को अलग-अलग तिथियों में निर्धारित समय से देरी से चलाया जाएगा। 54155 कानपुर सेंट्रल -कानपुर अनवरगंज पैसेंजर स्टेशन 31 अक्टूबर तथा 2 और 3 नवंबर को 90 मिनट और 4 नवंबर को 180 मिनट पुनर्निर्धारित समय से चलेगी।15084 फर्रुखाबाद-कानपुर अनवरगंज एक्सप्रेस 4 नवंबर को 60 मिनट पुनर्निर्धारित समय से संचालित होगी।
दो अन्य ट्रेनें भी होंगी नियंत्रित
रेलवे प्रशासन के अनुसार, इंटरलॉकिंग कार्य के चलते दो अन्य ट्रेनों के संचालन पर भी असर पड़ेगा। 19615 उदयपुर-कामाख्या साप्ताहिक एक्सप्रेस 2 नवंबर को फर्रुखाबाद-रावतपुर रेलखंड के बीच 40 मिनट नियंत्रित की जाएगी। 15038 कासगंज -कानपुर अनवरगंज एक्सप्रेस 4 नवंबर को पूर्वोत्तर रेलवे क्षेत्र में 15 मिनट नियंत्रित की जाएगी।
यात्रियों से रेलवे की अपील
पूर्वोत्तर रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अनुरोध किया है कि यात्रा शुरू करने से पहले अपनी ट्रेन की अद्यतन परिचालन स्थिति जरूर जांच लें। इसके लिए रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट, नेशनल ट्रेन इंक्वायरी सिस्टम (NTES) या रेलवे हेल्पलाइन की मदद ली जा सकती है। इससे ट्रेन के समय में बदलाव, देरी अथवा रूट से संबंधित जानकारी पहले ही मिल सकेगी और यात्रियों को अनावश्यक परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।
