कोलकाता : पश्चिम बंगाल के मालदा में शनिवार को आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्य की तृणमूल कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोला। पीएम मोदी ने कहा कि पश्चिम बंगाल के सामने आज सबसे बड़ी चुनौती घुसपैठ की है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य के कई इलाकों में आबादी का संतुलन तेजी से बिगड़ रहा है और टीएमसी सरकार घुसपैठियों को वोटर बनाकर गरीबों के हक पर डाका डाल रही है। प्रधानमंत्री ने साफ शब्दों में कहा कि भाजपा की सरकार बनते ही घुसपैठियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी और एक-एक घुसपैठिए को बाहर निकाला जाएगा।
आयुष्मान भारत योजना को लेकर भी प्रधानमंत्री ने टीएमसी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि टीएमसी नेताओं को आम जनता की तकलीफ से कोई सरोकार नहीं है। बंगाल देश का इकलौता राज्य है, जहां आयुष्मान भारत योजना को लागू नहीं होने दिया गया। प्रधानमंत्री ने कहा कि उनकी इच्छा है कि देश के बाकी हिस्सों की तरह बंगाल के गरीबों को भी पांच लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज मिले। ऐसी पत्थरदिल और निर्मम सरकार की बंगाल से विदाई बेहद जरूरी है।
पीएम मोदी ने इस दौरान मालदा में भारत की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन का उद्घाटन भी किया। यह ट्रेन हावड़ा से गुवाहाटी के बीच चलेगी। उद्घाटन के बाद प्रधानमंत्री ने ट्रेन के ड्राइवर से बातचीत की और ट्रेन की सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने ट्रेन में मौजूद बच्चों से भी संवाद किया और उनका उत्साह बढ़ाया।
पूर्वी भारत के विकास पर जोर देते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि देश 2047 तक विकसित भारत बनने की दिशा में काम कर रहा है और इसके लिए पूर्वी भारत का विकास बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि दशकों तक पूर्वी भारत को नफरत की राजनीति ने जकड़े रखा, लेकिन भाजपा ने ऐसी राजनीति से इस क्षेत्र को मुक्त किया है। प्रधानमंत्री का दावा था कि पूर्वी भारत के लोगों का विश्वास अब भाजपा के साथ है।
महिलाओं की सुरक्षा को लेकर भी पीएम मोदी ने टीएमसी सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि हाल ही में एक महिला पत्रकार के साथ टीएमसी के गुंडों द्वारा की गई अभद्रता पूरे राज्य की कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है। स्कूल, कॉलेज और यूनिवर्सिटी में बेटियां सुरक्षित नहीं हैं और पीड़ितों को बार-बार कोर्ट के चक्कर काटने पड़ते हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि इस स्थिति को बदलने की ताकत जनता के एक वोट में है।
बाढ़ राहत को लेकर पीएम मोदी ने सीएजी रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि मालदा में बाढ़ पीड़ितों तक मदद नहीं पहुंची। टीएमसी के चहेतों के खातों में 40-40 बार राहत का पैसा भेजा गया, जबकि असली जरूरतमंदों को कुछ नहीं मिला। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार बनते ही ऐसे सभी काले कारनामों पर रोक लगेगी।
अपने भाषण के अंत में प्रधानमंत्री ने महाराष्ट्र के शहरी निकाय चुनावों का जिक्र करते हुए कहा कि मुंबई में भाजपा को ऐतिहासिक जीत मिली है। जहां कभी भाजपा के लिए जीत असंभव मानी जाती थी, वहां आज पार्टी को अभूतपूर्व समर्थन मिल रहा है। पीएम मोदी ने कहा कि यही भरोसा और समर्थन अब पश्चिम बंगाल में भी दिखाई देगा।
