नई दिल्ली : संसद के बजट सत्र के दौरान लोकसभा में भारी हंगामे के चलते प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर जवाब नहीं दे सके। प्रधानमंत्री को शाम करीब पांच बजे सदन में बोलना था, लेकिन शोर-शराबे के कारण उनका संबोधन टल गया।
PM की कुर्सी तक पहुंचीं विपक्षी महिला सांसद? BJP का दावा
भाजपा की ओर से दावा किया गया कि विपक्ष की महिला सांसदों ने सदन में हंगामा करते हुए प्रधानमंत्री की कुर्सी तक घेराव किया, जिससे कार्यवाही बाधित हुई। हालांकि विपक्ष ने इस दावे को सिरे से खारिज किया है।
राहुल गांधी का हमला-‘सच्चाई का सामना करने से डरते हैं पीएम’
नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि पीएम मोदी डर की वजह से सदन में नहीं आए। राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो साझा कर दावा किया कि उन्होंने पहले ही कहा था कि प्रधानमंत्री लोकसभा में नहीं आएंगे।
‘प्रधानमंत्री आते तो किताब भेंट करता’: राहुल गांधी
राहुल गांधी ने कहा कि अगर प्रधानमंत्री सदन में आते, तो वह उन्हें पूर्व सेना प्रमुख जनरल नरवणे की किताब भेंट करते और उस पर चर्चा की मांग करते। इस पर केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने पलटवार करते हुए कहा कि जिस किताब का जिक्र किया जा रहा है, वह अभी प्रकाशित ही नहीं हुई है।
लगातार हंगामे के कारण नहीं चल सका सदन
पीठासीन सभापति संध्या राय ने सांसदों से सदन चलने देने की अपील की, लेकिन विरोध जारी रहा। शोर-शराबे के बीच प्रधानमंत्री अपना वक्तव्य नहीं दे सके और लोकसभा की कार्यवाही प्रभावित हुई।
