एक जनपद एक नदी अभियान को मिली नई गति, 16 ग्राम पंचायतें करेंगी सहभागिता
पीलीभीत : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशन में चलाए जा रहे “एक जनपद एक नदी” अभियान के तहत पीलीभीत में नमामि गोमती अभियान का भव्य शुभारंभ किया गया। अभियान की शुरुआत गोपालपुर और अजीतपुर बिल्हा सिमरा घाट से हुई, जहां जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष गोकुल प्रसाद मौर्य और विधायक बाबूराम पासवान ने विधिवत पूजा-अर्चना के बाद फावड़ा चलाकर गोमती नदी के पुनरुद्धार कार्य का शुभारंभ किया।
गोमती नदी को पुनर्जीवित करने का अभियान
इस अवसर पर जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने कहा कि गोमती नदी के पुनरुद्धार और संरक्षण के लिए व्यापक स्तर पर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जनपद में लगभग 47 किलोमीटर क्षेत्र में बहने वाली गोमती नदी से जुड़ी 16 ग्राम पंचायतों के लोगों को इस अभियान से जोड़ा जाएगा। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे इस पुनीत कार्य में सक्रिय भागीदारी निभाएं।
प्रकृति संतुलन के लिए जरूरी हैं जीवंत नदियां
डीएम ने कहा कि नदियों का पुनर्जीवित होना पर्यावरण और प्रकृति के संतुलन के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि जल स्रोतों का संरक्षण आने वाली पीढ़ियों के भविष्य से जुड़ा विषय है और इसमें जनसहभागिता सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
ग्रामीणों की समस्याएं भी सुनीं
कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने ग्रामीणों की समस्याएं भी सुनीं और संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रशासन जनता की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
आयुष्मान कार्ड बनवाने की अपील
डीएम ज्ञानेंद्र सिंह ने 70 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों को समाज की धरोहर बताते हुए कहा कि उनके स्वास्थ्य की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने बताया कि आयुष्मान भारत योजना के तहत पात्र वरिष्ठ नागरिकों को 5 लाख रुपये तक के मुफ्त इलाज की सुविधा उपलब्ध है। उन्होंने लोगों से अपील की कि पात्र बुजुर्ग अपने नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र या जनसेवा केंद्र पर जाकर निशुल्क आयुष्मान कार्ड बनवाएं और योजना का लाभ उठाएं।
रिपोर्ट : ऋतिक द्विवेदी
