बरेली : देश में बढ़ती महंगाई और उत्तर प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों को लेकर समाजवादी पार्टी ने आवाज बुलंद की है। सपा की महानगर उपाध्यक्ष समयुन खान ने राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपकर आम जनता से जुड़े कई मुद्दों को उठाया। ज्ञापन में गैस सिलेंडर, पेट्रोल -डीजल और बिजली की बढ़ती कीमतों पर चिंता जताते हुए राहत देने की मांग की गई। साथ ही प्रदेश में बढ़ रहे महिला अपराधों पर भी सरकार को घेरा गया।
बढ़ती महंगाई से आम जनता परेशान, राहत देने की मांग

ज्ञापन में कहा गया कि लगातार बढ़ रही महंगाई ने आम लोगों का जीवन मुश्किल बना दिया है। दैनिक मजदूर, घरों में काम करने वाली महिलाएं और युवा वर्ग सबसे अधिक प्रभावित हो रहे हैं। पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी के साथ-साथ घरेलू और कमर्शियल गैस सिलेंडरों के दाम बढ़ने से परिवारों और छोटे कारोबारियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। सपा नेताओं ने बढ़े हुए गैस सिलेंडर और ईंधन के दाम तत्काल वापस लेने की मांग की है।
छोटे कारोबारियों और मध्यम वर्ग पर बढ़ा आर्थिक दबाव
ज्ञापन में कहा गया कि कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम बढ़ने से छोटे ढाबों, चाय की दुकानों और होटल कारोबारियों की परेशानियां बढ़ गई हैं। वहीं घरेलू गैस, बिजली और अन्य आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में बढ़ोतरी का सीधा असर मध्यम वर्गीय परिवारों पर पड़ रहा है। पार्टी ने मांग की कि छोटे व्यापारियों और आम उपभोक्ताओं को राहत देने के लिए सरकार विशेष कदम उठाए।
महिला अपराधों पर सख्त कार्रवाई की मांग

सपा की ओर से सौंपे गए ज्ञापन में उत्तर प्रदेश में बढ़ते महिला अपराधों और दुष्कर्म की घटनाओं पर भी चिंता व्यक्त की गई। ज्ञापन में कहा गया कि प्रदेश में महिलाएं और बच्चियां खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर रही हैं। सरकार से मांग की गई कि महिला अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण लगाया जाए और महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं। साथ ही केवल दावों के बजाय जमीनी स्तर पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की आवश्यकता बताई गई।
