विजौरिया रेलवे स्टेशन के पास पुलिस की कार्रवाई, नकदी और आपत्तिजनक सामग्री बरामद
बरेली : यूपी के बरेली देहात के नवाबगंज क्षेत्र में ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने एक मकान में चल रहे कथित देह व्यापार का पर्दाफाश करते हुए एक युवक और एक युवती को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों को आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ा। पूछताछ और कानूनी कार्रवाई के बाद बुधवार को आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया,जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।पुलिस के अनुसार मंगलवार देर रात ग्रामीणों ने विजौरिया रेलवे स्टेशन के निकट स्थित एक मकान में अनैतिक गतिविधियां संचालित होने की सूचना दी थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर मकान को चारों ओर से घेर लिया। कार्रवाई के दौरान मकान मालिक की पत्नी और एक अन्य युवक मौके से फरार हो गए। इस बीच आक्रोशित ग्रामीणों ने पकड़े गए आरोपियों की पिटाई कर दी। बाद में पुलिस ने दोनों को भीड़ से छुड़ाकर कोतवाली पहुंचाया।
पूछताछ में कई जिलों से युवतियां बुलाने की बात
इंस्पेक्टर नवाबगंज ने The justice Hindi को बताया कि आरोपी के खिलाफ मुकदमा कायम कर जेल भेज दिया गया है।पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी कौशल शर्मा उर्फ पंडित ने बताया कि वह अपनी पत्नी के सहयोग से यह काम करता था।आरोप है कि वह पीलीभीत, बरेली और शाहजहांपुर समेत विभिन्न जिलों से युवतियों को बुलाकर देह व्यापार कराता था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 1200 रुपये नकद और युवती के पास से 700 रुपये नकद बरामद किए हैं। इसके अलावा कुछ आपत्तिजनक सामग्री भी जब्त की गई है।
पहले भी जा चुका है जेल
पुलिस के मुताबिक कौशल का आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। करीब दो माह पहले वह अवैध तमंचे के साथ गिरफ्तार होकर जेल जा चुका है। जेल से रिहा होने के बाद उसने दोबारा अपनी गतिविधियां शुरू कर दी थीं। ग्रामीण लगातार उसके खिलाफ शिकायतें कर रहे थे।
छात्रा से छेड़खानी के बाद बढ़ी थी निगरानी
ग्रामीणों ने बताया कि करीब एक माह पहले गांव की एक छात्रा के साथ छेड़खानी की घटना हुई थी। उस समय भी लोगों ने इस मकान में संदिग्ध व्यक्तियों के आने-जाने की शिकायत की थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मकान के आसपास निगरानी बढ़ा दी थी और सड़क पर पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई थी, जिससे दिन के समय ऐसी गतिविधियों में कमी आई थी।
जानें क्या बताया पुलिस ने
इंस्पेक्टर अरुण कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि ग्रामीणों की सूचना और सहयोग से कार्रवाई करते हुए एक युवक और एक युवती को गिरफ्तार किया गया है। दोनों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। फरार अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
