पीलीभीत। फिल्म हेराफेरी की तरह कम समय में रकम दोगुनी करने के लालच में पीलीभीत का एक ग्रामीण अपनी जमा पूंजी गंवा बैठा। बरेली की एक कंपनी ने पांच साल में रकम दोगुनी करने का भरोसा देकर उससे 90 हजार रुपये जमा कराए थे। तय समय पूरा होने के बाद जब ग्रामीण अपनी रकम लेने पहुंचा तो उसे टालमटोल कर वापस लौटा दिया गया। करीब आठ साल इंतजार के बाद भी रुपये नहीं मिले तो पीड़ित ने न्यायालय का दरवाजा खटखटाया। कोर्ट के आदेश पर न्यूरिया पुलिस ने कंपनी के डायरेक्टर, मैनेजर और एजेंट के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
पांच साल में रकम दोगुनी करने का दिया था भरोसा
थाना क्षेत्र के गांव न्यूरिया खुर्द शिवपुरिया पंडरी निवासी रोशन कुमार के मुताबिक, वर्ष 2017 में बरेली की वेल म्यूचुअल बेनिफिट निधि लिमिटेड के एजेंट संजीव शर्मा ने उसे कंपनी की योजना के बारे में बताया था। एजेंट ने भरोसा दिलाया कि कंपनी में जमा की गई रकम पांच साल में दोगुनी हो जाएगी। इस पर रोशन कुमार ने अपने रिश्तेदार के माध्यम से 31 जुलाई 2017 को कंपनी में 90 हजार रुपये जमा कराए।
तीन रसीदें और जमा प्रमाणपत्र दिया
पीड़ित के अनुसार, रकम जमा करने के बदले उसे 30-30 हजार रुपये की तीन रसीदें और एक अन्य रसीद दी गई थी। कंपनी की ओर से जमा प्रमाणपत्र भी जारी किया गया, जिसमें परिपक्वता की तारीख 31 जुलाई 2022 दर्ज थी। आरोप है कि निर्धारित समय पूरा होने के बाद जब उसने एजेंट संजीव शर्मा से रुपये वापस मांगे तो एजेंट ने कंपनी बंद होने और रकम वापस नहीं मिलने की बात कहकर पल्ला झाड़ लिया।
कोर्ट के आदेश पर कंपनी के जिम्मेदारों पर FIR
पीड़ित ने तीन जुलाई को एसपी को भी शिकायत भेजी थी, लेकिन कार्रवाई नहीं होने पर उसने न्यायालय में प्रार्थना पत्र दिया। न्यायालय के आदेश पर न्यूरिया थाने में कंपनी के डायरेक्टर, मैनेजर और एजेंट के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस अब मामले की जांच में जुटी है। आरोपों की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट- ऋतिक द्विवेदी
