आगरा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का मंगलवार को प्रस्तावित आगरा दौरा निरस्त कर दिया गया है। मथुरा में भाजपा के दो दिवसीय चिंतन शिविर में शामिल होने के बाद मुख्यमंत्री अब दिल्ली रवाना होंगे। पहले उनका कार्यक्रम फतेहाबाद के दिवंगत भाजपा विधायक छोटेलाल वर्मा के परिजनों से मुलाकात करने का था। अचानक कार्यक्रम में हुए बदलाव ने राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज कर दी हैं।
बरसाना में श्रद्धांजलि के बाद आगरा आने का था कार्यक्रम
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को परखम स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय गो-अनुसंधान केंद्र में चल रही भाजपा की बैठक में शामिल होने के बाद बरसाना जाना था। वहां उन्हें दिवंगत पद्मश्री रमेश बाबा को श्रद्धांजलि अर्पित करनी थी। इसके बाद हेलीकॉप्टर से आगरा के खेरिया एयरपोर्ट पहुंचकर शमशाबाद रोड स्थित दिवंगत विधायक छोटेलाल वर्मा के आवास पर जाना प्रस्तावित था।आगरा के फतेहाबाद विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक छोटेलाल वर्मा का 24 सितंबर को बीमारी के कारण निधन हो गया था। मुख्यमंत्री को उनके शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त करनी थी। दौरा निरस्त होने के बाद यह प्रस्तावित मुलाकात भी नहीं हो सकेगी।
तैयारियां पूरी, दौरा निरस्त होते ही थमीं गतिविधियां
मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर जिला प्रशासन, पुलिस और नगर निगम ने तैयारियां शुरू कर दी थीं। शमशाबाद रोड स्थित आवास तक जाने वाले मार्ग पर सड़क मरम्मत, विशेष सफाई अभियान और अतिक्रमण हटाने का काम कराया जा रहा था। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी तैयारियां की गई थीं। हालांकि, आगरा का कार्यक्रम निरस्त होने के बाद इन तैयारियों पर विराम लग गया है।
मथुरा चिंतन शिविर के बाद दिल्ली जाने पर सियासी चर्चा
मथुरा में भाजपा की दो दिवसीय योजना बैठक में 2027 के विधानसभा चुनाव की रणनीति पर मंथन हुआ। बैठक में विरोधियों के पीडीए नैरेटिव की काट, सामाजिक समीकरण मजबूत करने, सनातन के एजेंडे को धार देने और सरकार की लोककल्याणकारी योजनाओं को जमीन तक पहुंचाने पर चर्चा हुई। इसके साथ ही बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने और कमजोर बूथों को चिह्नित करने की रणनीति भी बनाई गई। बैठक में हारी हुई सीटों पर पकड़ मजबूत करने के लिए बड़े नेताओं की रैलियों और दौरों का रोडमैप तैयार करने पर भी बात हुई। वहीं, एंटी-इंकंबेंसी कम करने के लिए नए और युवा चेहरों को मौका देने के मुद्दे पर भी मंथन हुआ। चिंतन शिविर में डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक और केशव प्रसाद मौर्य, प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े, राष्ट्रीय महामंत्री स्मृति ईरानी, सांसद हेमा मालिनी, प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल और प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। इसी बीच मुख्यमंत्री का आगरा दौरा निरस्त कर दिल्ली रवाना होना राजनीतिक चर्चाओं का विषय बन गया है। कुछ समय पहले एक कथित सूची के हवाले से दावा किया गया था कि योगी आदित्यनाथ ने पहले चरण में 209 संभावित प्रत्याशियों के नाम हाईकमान को भेजे हैं। हालांकि, इस सूची को अंतिम प्रत्याशियों की सूची के रूप में पेश किए जाने की कोशिशों को लेकर भी सवाल उठे थे। मुख्यमंत्री के दिल्ली दौरे का एजेंडा अभी आधिकारिक रूप से स्पष्ट नहीं है। ऐसे में राजनीतिक हलकों में इस दौरे को लेकर अटकलें लगाई जा रही हैं।
