बीसलपुर के भसूड़ा चौराहे पर वारदात, गोली लगने से दुकानदार गंभीर घायल; पुलिस ने पुरानी रंजिश की भी जताई आशंका
पीलीभीत: उत्तर प्रदेश के पीलीभीत में मामूली विवाद ने उस समय गंभीर रूप ले लिया, जब दबंगों ने एक दुकानदार पर गोली चला दी। घटना बीसलपुर कोतवाली क्षेत्र के भसूड़ा चौराहे की है। गोली लगने से दुकानदार गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। घटना से आसपास के दुकानदारों में भी दहशत का माहौल है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
जानकारी के मुताबिक, भसूड़ा चौराहे पर श्यामाचरण पान और गुटखे का खोखा चलाते हैं। मंगलवार को पड़ोसी गांव चौसरा के चार युवक बाइक से उनकी दुकान पर पहुंचे और गुटखा मांगा। बताया जा रहा है कि युवकों ने गगन गुटखा मांगा, लेकिन दुकान पर गुटखा उपलब्ध नहीं था। इसी बात को लेकर युवकों और दुकानदार के बीच कहासुनी शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर एक युवक ने तमंचा निकाल लिया।
आरोप है कि कहासुनी के दौरान युवक ने तमंचे से श्यामाचरण पर गोली चला दी। गोली लगते ही दुकानदार घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर जुटने लगे। लोगों को आता देख चारों आरोपी बाइक पर सवार होकर मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल श्यामाचरण को उपचार के लिए बीसलपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों के मुताबिक घायल का उपचार किया जा रहा है। पुलिस ने घटना के बाद आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, प्रथम दृष्टया विवाद गुटखा न मिलने को लेकर बताया जा रहा है, लेकिन मामले में पुरानी रंजिश की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा रहा है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद गोलीकांड की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी।