पूरनपुर के धनाराघाट रोड पर भीषण हादसा, इलाज के लिए जा रही गर्भवती महिला ने तोड़ा दम, पुलिस ने कार चालक को हिरासत में लेकर जांच शुरू की
पीलीभीत : उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले में तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। पूरनपुर कोतवाली क्षेत्र में धनाराघाट रोड पर भगवंतापुर चुंगी के पास एक अनियंत्रित कार ने ई-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में आठ माह की गर्भवती महिला की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक मासूम बच्चे समेत चार लोग घायल हो गए। पुलिस ने कार और उसके चालक को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतका की पहचान 30 वर्षीय शबनम, निवासी मदीना नगर लाइनपार साहूकारा, के रूप में हुई है। बताया गया कि शबनम अपने एक वर्षीय बेटे उजैर, बहन सवाना और ई-रिक्शा चालक तमलेश खान (निवासी मौज खुर्द) के साथ अस्पताल दवा लेने जा रही थी। इसी दौरान सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने ई-रिक्शा को टक्कर मार दी।
हादसे में शबनम की मौके पर मौत हो गई, जबकि उसका एक वर्षीय बेटा उजैर, बहन सवाना, ई-रिक्शा चालक तमलेश खान और एक अन्य व्यक्ति घायल हो गए। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ई-रिक्शा चालक की हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार और उसके चालक को हिरासत में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।