बीसलपुर के श्यामपुर गांव का रहने वाला था आदित्य सिंह, गुरुवार रात अचानक बिगड़ी तबीयत; बरेली ले जाते समय रास्ते में तोड़ा दम
पीलीभीत: बीसलपुर क्षेत्र के गांव श्यामपुर में 14 वर्षीय छात्र की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। मृतक छात्र की पहचान बलराम सिंह के पुत्र आदित्य सिंह के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, करीब तीन महीने पहले आदित्य को छुट्टा कुत्ते ने काट लिया था, जिसके बाद से उसका बरेली में उपचार चल रहा था। गुरुवार रात अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद परिवार उसे उपचार के लिए बरेली ले जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
कोचिंग से लौटने के बाद अचानक बिगड़ी तबीयत
परिजनों के अनुसार, गुरुवार को आदित्य कोचिंग पढ़कर घर लौटा था। घर पहुंचने के बाद वह आराम करने के लिए लेट गया। रात करीब 12 बजे अचानक उसकी तबीयत बिगड़ने लगी हालत गंभीर होती देख परिजन आनन-फानन में आदित्य को उपचार के लिए बरेली ले जाने लगे। हालांकि, अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उसकी मौत हो गई।
तीन महीने पहले कुत्ते ने काटा था
परिजनों ने बताया कि करीब तीन महीने पहले आदित्य को छुट्टा कुत्ते ने काट लिया था। इसके बाद से उसका बरेली में उपचार कराया जा रहा था। परिवार का कहना है कि कुत्ते के काटने के बाद से ही उसका इलाज चल रहा था। हालांकि, छात्र की मौत का कारण कुत्ते के काटने से जुड़ा है या कोई अन्य वजह रही, यह चिकित्सकीय जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
तीन भाइयों में सबसे छोटा था आदित्य
आदित्य तीन भाइयों में सबसे छोटा था। उसकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। मां नीरज देवी का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पिता बलराम सिंह और अन्य परिजन गहरे सदमे में हैं। छात्र की अचानक मौत से गांव में भी शोक की लहर है। परिजनों का कहना है कि उन्हें उम्मीद थी कि उपचार के बाद आदित्य स्वस्थ हो जाएगा, लेकिन अचानक हुई मौत से पूरा परिवार सदमे में है।
मौत की वास्तविक वजह जांच के बाद होगी स्पष्ट
आदित्य की अचानक तबीयत बिगड़ने और मौत के बाद अब उसकी मौत की वास्तविक वजह को लेकर स्थिति चिकित्सकीय जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल परिजन घटना से बेहद दुखी हैं।
